होली की आड़ में युवती से छेड़छाड़ व मारपीट करने वाले गिरफ्तार

देहरादून। होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व की आड़ में छेड़छाड़ और हुड़दंग मचाने वालों पर दून पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मार्च को राजीव नगर निवासी एक युवक ने थाना नेहरू कॉलोनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि होली के दौरान वह अपने कुछ मित्रों के साथ घर के बाहर मुख्य सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और रंग लगाने के बहाने उनकी एक महिला मित्र के साथ छेड़छाड़ करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे।

जब युवती और उसके साथ मौजूद युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मु.अ.सं. 84/2026 के तहत धारा 74/115(2)/333/191(2)/304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास रावत (40 वर्ष) पुत्र डी.एस. रावत निवासी गंगोत्री निवास, राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून तथा संजीव नेगी (30 वर्ष) पुत्र भगत सिंह नेगी निवासी 232 दीप नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली जैसे त्योहारों की आड़ में छेड़छाड़, हुड़दंग या किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करते हुए कानून के अनुसार कठोर कदम उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *