संध्या डालाकोटी समेत कई नेताओं की कांग्रेस में घर वापसी

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपना कुनबा बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित जोशी, लालकुआं विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी रही पूर्व ब्लॉक प्रमुख संध्या डालाकोटी सहित पांच नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, प्रदेश सहप्रभारी मनोज यादव की मौजूदगी में सभी को कांग्रेस का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल कराया गया। कांग्रेस में शामिल होने वालों में कैलाश चन्द्र उर्फ किरन डालाकोटी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश जगूड़ी और पूर्व राज्य मंत्री नईम कुरैशी शामिल रहे।

कांग्रेस में संध्या डालाकोटी की वापसी को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शुरुआत में संध्या डालाकोटी को लालकुआं से अपना प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन बाद में उनका टिकट बदलकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को उम्मीदवार बनाया गया। इसके बाद संध्या डालाकोटी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। अब करीब चार साल बाद उनकी कांग्रेस में वापसी हुई है।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जो सभी धर्मों, वर्गों, समुदायों और जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस ने आजादी के आंदोलन से लेकर अब तक राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज सुधार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और समाज को नई दिशा देने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *