सरकारी वर्दी वालों ने दो सगी बहनों से किया रेप, मामला दर्ज

नई दिल्ली l दिल्ली कैंट थाना इलाके में दो सगी बहनों ने अपने साथ रेप होने का आरोप लगाया है। बहनों का आरोप है कि उन्हें डरा-धमकाकर एक श्मशान घाट के अंदर ले जाया गया। जहां श्मशान घाट परिसर में उनके साथ बदसलूकी कर बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छानबीन की जा रही है।

साउथ-वेस्ट जिला पुलिस का कहना है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी सरकारी वर्दी वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि रेप का मामला दर्ज किया गया है, गैंगरेप का नहीं। हालांकि, पुलिस बहुत अधिक खुलकर बात नहीं कर रही है। लेकिन सूत्रों का कहना है कि घटना शनिवार देर रात की है। जब दोनों सगी बहनों के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। सूत्रों ने बताया कि पीड़ित बहनों की उम्र 20-22 साल के करीब हैं। दोनों कैंट इलाके की रहने वाली हैं।

पुलिस का कहना है कि लड़कियों के शोर मचाने पर दो सिपाही आरोपियों के पीछे भागे भी थे। उस वक्त आरोपी भाग गए। लेकिन बाद में उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पीड़ित बहनों के मजिस्ट्रेट के सामने 164 के बयान भी कराए जाएंगे। पुलिस की ओर से आरोपियों के बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।

लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस पीड़ित बहनों द्वारा लगाए गए तमाम आरोपों की गंभीरता से जांच करा रही है, ताकि इसे भी सुनिश्चित किया जा सके कि रेप श्मशान घाट के अंदर हुआ या बाहर। सूत्रों का कहना है कि चूंकि मामला दो सगी बहनों के रेप से जुड़ा हुआ है, ऐसे में पुलिस बेहद गंभीरता बरतते हुए जांच कर रही है। बताया जाता है कि पीड़िता ने जिस श्मशान घाट का जिक्र किया है, वह दिल्ली कैंट थाना इलाके में सागरपुर के पास पड़ता है। आरोप में बताया गया है कि श्मशान घाट परिसर में जहां लकड़ियां रखी होती हैं, उस जगह पर उनके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि कहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी इस घटना के बारे में कुछ जानकारी मिल सके, ताकि तस्वीर और साफ हो सके।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *