उत्तराखंड में बिगड़ने वाला है मौसम, 6 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून l प्रदेश में पिछले दो दिनों से मौसम साफ है, जिससे ठंड से राहत महसूस की गई, लेकिन मौसम के तेवर एक बार फिर बदलने वाले हैं। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ का असर आज से दिखने लगेगा। 9 फरवरी से राज्य में बर्फबारी और बारिश का मौसम हो सकता है। बारिश और बर्फबारी का दौर कम से कम दो दिनों तक चलेगा। राज्य के कई हिस्सों में कोहरे और ठंड से भी लोगों को मुश्किलें हो सकती हैं। मौसम विभाग ने पहाड़ों की यात्रा पर जाने वाले लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

8 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, रुद्रप्रयाग जिलों समेत मसूरी व चकराता में मौसम बदलने की शुरुआत हो सकती है। 9 फरवरी को कुमाऊं में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। छह पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग समेत अन्य जानकार भी इस दौरान लोगों से हिदायत बरतने की अपील कर रहे हैं। पिछले हफ्ते कई पर्यटकों के रास्तों में फंस जाने की खबरें आई थीं। इस तरह की परेशानी से बचने का यही समाधान है कि खराब मौसम में जितना संभव हो यात्रा टाल दी जाए। प्रदेश में पिछले दिनों हुई बर्फबारी के चलते अब भी कई जगह रास्ते बंद हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे नहीं खुल सका है। चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल से सटे हिस्सों में अब भी कई रास्ते अवरुद्ध हैं। रोड बंद होने से दूरदराज के गांवों तक जरूरत का सामान नहीं पहुंच पा रहा, लोग परेशान हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *