15 वर्षों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला, फिर कर दी हत्या

बांदा: बांदा जिले में एक दिल दहला दने वाला प्रकरण सामने आया है। यहां पिछले 15 वर्षों से अलग मकान में एक युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। महिला का शव मकान के तीसरी मंजिल की छत पर बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्राधिकारी नरैनी और थाना प्रभारी कालिंजर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर सबूत इक्ट्ठे किए। पुलिस ने मां द्वारा दी गई तहरीर पर कथित पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है, जो घटना के बाद से फरार है।

घटना उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग के समीप कस्बे में हुई। इसी कस्बे में बिसात खाना चूड़ी बिंदी व अन्य सामान की दुकान चलाने वाली 35 वर्षीय रेखा गुप्ता पुरानी बाजार स्थित घर में रहती थीं। उसने पिता रामकृपाल और भाई की मौत के बाद अपना अलग मकान बनवा लिया था। दुकान पर उसके साथ उसकी मां भी बैठती थी। बताया जाता है की रेखा हर वर्ष कालिंजर दुर्ग में कार्तिक पूर्णिमा समेत अन्य मेलों में अपनी दुकान लगाती थी। 15 साल पहले इंदौर निवासी पंकज गुप्ता कालिंजर मेला में झूला लगाने आया था। तभी रेखा को पंकज से प्यार हो गया था। नजदीकियां बढ़ने पर पंकज गुप्ता रेखा को भगा कर ले गया। कई सालों तक बाहर रहने के बाद दोनों फिर कालिंजर आ गए और एक साथ पति पत्नी की तरह रहने लगे।

इस संबंध में मां का कहना है कि बेटी रेखा निजी मकान में पति पंकज के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। इधर पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। मंगलवार को जब वह छत से सोकर नीचे नहीं उतरी। तब जाकर छत में देखा गया, जहां बेटी की लाश पड़ी थी।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नरैनी नितिन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मां द्वारा दी गई तहरीर पर कथित पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है, जो घटना के बाद से फरार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतका जिस युवक के साथ रहती थी। वह इंदौर का रहने वाला है और मेले में झूला लगाता है। मेला में ही रेखा से उसकी जान पहचान हुई थी। जो बाद में लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *