CM धामी की हामी के बाद BJP में होने वाला है बड़ा बदलाव

देहरादून । भाजपा हाईकमान ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम को लगभग हरी झंडी दे दी है। नई टीम में पार्टी के युवा चेहरों को तरजीह मिलना तय माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो सीएम पुष्कर सिंह धामी की भी हामी जरूरी होगी। 22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावित सूची पर अंतिम मुहर लगाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने नई टीम को लेकर दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष के साथ अलग-अलग बैठकें हुई।

इस दौरान उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा के साथ ही प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने हाईकमान को नए पदाधिकारियों के नाम की सूची सौंपी, जिनमें से ज्यादात्तर नामों पर सहमति बन गई है। सूत्रों के अनुसार 22 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रस्तावित सूची पर अंतिम मुहर लगाएंगे।

भाजपा प्रदेश संगठन में कुल 22 पदाधिकारी हैं। इनमें छह प्रदेश उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन और आठ प्रदेश मंत्री के पद हैं। सूत्रों ने बताया कि उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्रियों में 80 फीसदी नए चेहरे हो सकते हैं। इनमें से ज्यादात्तर पदों पर संगठन के लिए समर्पित और सक्रिय युवाओं को मौका मिल सकता है।

जबकि पदों से हटाए जाने वाले कुछ पूर्व पदाधिकारियों को बाद में सरकार में दायित्व के रूप में एडजस्ट किया जा सकता है। दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी 46 वर्ष तो प्रदेश अध्यक्ष भट्ट 51 साल के हैं। ऐसे में पार्टी हाईकमान प्रदेश संगठन में भी युवा चेहरों को मौका देने के पक्ष में है।

मोर्चा के अध्यक्ष भी बदलेंगे
भाजपा के विभिन्न मोर्चों को भी नए प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहे हैं। हाईकमान ने इनमें से कुछ पर अपनी सहमति भी दे दी है। भाजपा में महिला मोर्चा, युवा, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्प संख्यक मोर्चा हैं। इनमें से महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद से खाली है। इस पद पर एक पूर्व महिला विधायक की पुख्ता दावेदारी है। सूत्रों ने बताया कि चार-पांच मोर्चों के अध्यक्ष बदले जाने तय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *