ठगों ने ऐसे फेंका ठगी का जाल, कर डाली लाखों रुपयों की ठगी

रुद्रपुर। सिडकुल की एक कंपनी के प्लांट हेड को साइबर ठगों ने अपना निशाना बना लिया। ठगों ने पॉलिसी बंद कराने के नाम पर 36 लाख रुपये की ठगी कर ली। अब पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस से रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गुरुवार को ओमेक्स रिवेरा पंतनगर निवासी राजेंद्र कुमार ने साइबर थाना पंतनगर में तहरीर दी।

इसमें कहा कि वह टीवीएस चक्र प्लॉट नम्बर सात सेक्टर एक सिडकुल पंतनगर में प्लांट हेड हैं। उन्होंने सितम्बर 2021 से जुलाई 2022 के बीच सात पॉलिसी खोलकर 6.34 लाख रुपये जमा किए थे। इस बीच उन्होंने पॉलिसी बंद कराने का निर्णय लिया। ऑनलाइन संपर्क करने पर उन्हें अश्विन रस्तोगी नाम के व्यक्ति ने 37613 रुपये जमा कर 15 लाख रुपये वापस प्राप्त करने का ऑफर दिया।

उन्होंने रुपये भेज दिए, जिसके बाद ठग ने जीएसटी के नाम पर 2.70 लाख ले लिए। इस बीच राजन नंदा नाम के एक अन्य ठग ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए 15.85 लाख रुपये जमा करवाकर 67.90 लाख रुपये के चेक की फोटो व्हाट्सएप कर दी। इसी साल चार जनवरी को चेक लेने दिल्ली बुलाया, लेकिन दुर्घटना होने की बात कहकर मुलाकात नहीं की।

कुछ दिनों बाद ठगों ने 2.15 करोड़ रुपये मिलने की बात कहकर 17.31 लाख रुपये फिर से जमा करवा लिए। ठग की ओर से 94 लाख का चेक भेजा गया, जो बैंक में फर्जी निकला। तब जाकर उन्हें 36.26 लाख रुपये की ठगी का एहसास हुआ। मामले में कुमाऊं साइबर थाना प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *