PM मोदी नए नारों व मुद्दों के साथ चुनावी मैदान में भरेंगे हुंकार?

जमुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में एनडीए के चुनावी सभा अभियान की शुरुआत जमुई से गुरुवार को कर रहे हैं। बुधवार को सभा स्थल के पास दिन भर प्रशासनिक अधिकारियों और एनडीए नेताओं की गहमागहमी रही। पीएम श्री मोदी खैरा के नरियाणा घाट के समीप बल्लोपुर मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यह वही जगह है जहां से 2019 में पीएम श्री मोदी ने चुनावी अभियान की शुरूआत की थी। तब लोजपा प्रमुख के रूप में स्व. रामविलास पासवान मौजूद थे। माना जा रहा है कि पीएम नए नारों और मुद्दों के साथ खैरा प्रखंड में बल्लोपुर मैदान से हुंकार भरेंगे। नरेंद्र मोदी लालू यादव के एनडीए में परिवारवाद वाले बयान का जवाब दे सकते हैं। वे राहुल गांधी को भी निशाने पर ले सकते हैं। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 19 अप्रैल को यहां मतदान है।

रामविलास पासवान के पुत्र और लोजपा आर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान दो बार से जमुई के सांसद हैं। वर्तमान में भी चिराग इस सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस बार पीएम की रैली का जगह वही है लेकिन उम्मीदवार का चेहरा बदल गया है। चिराग के लिए जमुई सीट महत्वपूर्ण है। क्योंकि उनके बहनोई यहां से चुनावी मैदान में हैं। यही कारण है कि चिराग पासवान जमुई में डटे हैं। पीएम के जमुई आने के साथ ही यहां राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *