चौथे चरण के मतदान के लिए बढ़ी सियासी सरगर्मी, इन सीटों पर पार्टियों ने झोंकी ताकत

कानपुर। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए मतदान की तारीख करीब आते ही कानपुर और आसपास जिलों में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। अपनों को जीत दिलाने के लिए लड़ी जा रही महाभारत में जनता तक स्वयं को पहुंचाने के लिए कुरुक्षेत्र में अब महायोद्धा दो-दो हाथ करने उतर पड़े हैं। सियासी रणभूमि में अब स्टार वार की शुरुआत हो गई है। भाजपा, कांग्रेस, सपा व बसपा समेत सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के मोर्चा संभालने से चुनावी रण और रोचक हो गया है।

चौथे चरण में कानपुर नगर, अकबरपुर, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज व उन्नाव लोकसभा क्षेत्रों में वोट पड़ने हैं। इन छह सीटों पर सियासी रणबांकुरों का प्रयास अपने-अपने पाले में सियासी गेंद लाने का शुरू हो गया है। अंतिम दौर की दौड़ में चेहरा आगे ले जाने की तैयारी है।

कानपुर नगर लोकसभा क्षेत्र में आठ मई यानी बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे। कांग्रेस उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय गठबंधन के नेताओं संग बैठक कर रणनीति बनाएंगे। 10 मई को राहुल गांधी व अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा जीआइसी मैदान में होगी। इसी दिन बसपा सुप्रीमो मायावती रमईपुर के मगरासा में जनसभा करेंगी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की जनसभा भी भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रस्तावित है। 11 मई को फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आर्यनगर विस क्षेत्र में जनसभा करेंगे। कन्नौज में बुधवार को भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तिर्वा में जनसभा करेंगे, जबकि इसी दिन डिंपल यादव, शिवपाल यादव व सपा अध्यक्ष अखिलेश की बेटी अदिति यादव का आना प्रस्तावित है।

नौ मई को बसपा प्रमुख मायावती, 10 मई को राहुल गांधी, अखिलेश यादव व आप नेता संजय सिंह संयुक्त रोड शो करेंगे। फर्रुखाबाद में आठ मई को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा क्रिश्चियन कॉलेज मैदान में होगी। वह नौ मई को इटावा शहर में रहेंगे।

इटावा में 10 या 11 मई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का रोड शो प्रस्तावित है। ऐसे ही कानपुर देहात में नौ मई को मुख्यमंत्री योगी झींझक में जनसभा करेंगे, जबकि 10 मई को आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह अकबपुर में आएंगे। उन्नाव में 11 मई को मुख्यमंत्री योगी की रामलीला मैदान में जनसभा प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *