महिला पदाधिकारी की वर्दी पकड़ कर खींचने लगे बदमाश, तीन गिरफ्तार

भागलपुर। मकंदपुर गांव में असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।इस दौरान प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक दिव्या कुमारी के साथ मारपीट की गई तथा सिपाही मनोज कुमार के हाथ से एसएलआर छीनने का प्रयास किया गया।

अवर निरीक्षक दिव्या कुमारी के बयान पर छह नामजद एवं छह अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। इस मामले में तीन भाइयों मकंदपुर निवासी बबलू यादव, रघुवंश यादव व सप्त ऋषि यादव को गिरफ्तार किया गया है। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपित मकंदपुर निवासी निर्मल यादव, मणिकांत यादव एवं हरिवंश यादव फरार है।

10-12 लोग महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ ही उलझ गए

जानकारी के अनुसार, दिव्या कुमारी पुलिस बल के साथ गश्ती पर थी। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे थानाध्यक्ष जयनाथ शरण ने मकंदपुर गांव में मारपीट की सूचना दी। इस घटना में छोटू यादव एवं खाटो यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

सूचना पर दिव्या कुमारी पुलिस बल के साथ मकंदपुर गांव पहुंची, जहां कुछ लोग लाठी से आपस में मारपीट कर रहे थे। कुछ लोगों के हाथ में खंती एवं कुदाल भी था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन 10-12 लोग महिला पुलिस पदाधिकारी के साथ ही उलझ गए।

महिला पुलिस पदाधिकारी का वर्दी पकड़ कर खींचने लगे

महिला पुलिस पदाधिकारी की वर्दी पकड़ कर खींचने लगे। अपशब्द बोलते हुए धमकी दी और हाथापाई पर उतर आए। कई अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और लाठी से वार भी किया गया। मामला बढ़ता देख दिव्या कुमारी ने थानाध्यक्ष को अतिरिक्त पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर आने की सूचना दी।

सूचना पर थानाध्यक्ष, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद पासवान, सहायक अवर निरीक्षक श्याम सुंदर सिंह के साथ अतिरिक्त बल लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल को आते देख सभी लोग वहां से भागने लगे।

इसी दौरान पुलिस ने तीन व्यक्ति को खदेड़ कर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष जयनाथ शरण ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध पुलिस पदाधिकारी को अपशब्द बोलने, मारपीट करने, पुलिस को धमकी देने, महिला पुलिस पदाधिकारी का वर्दी एवं हाथ पकड़ कर खींचने, पुलिस बल से आर्म्स छीनने का प्रयास करने तथा सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *