मोहन यादव कैबिनेट का होगा विस्तार, कौन बनेगा मंत्री; ये नाम आगे

भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अपनी कैबिनेट का विस्तार करेंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। आधिकारिक सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह सुबह होने की संभावना है और इसके लिए राजभवन में तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने मंत्रियों की शपथ होगी। लेकिन एक नाम की खूब चर्चा चल रही है। आइये जानते हैं।

मंत्री पद के लिए एक नाम रामनिवास रावत का नाम सामने आ रहा है। रावत वर्तमान में श्योपुर जिले के विजयपुर से विधायक हैं। वे लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। वे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से विधायक बने हैं। लिहाजा तकनीकी आधार पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। सूत्रों का कहना है कि रावत मंत्री बनाए जाने की शर्त पर ही कांग्रेस से भाजपा में आए थे। इसलिए उन्होंने अब तक विधायक पद से त्यागपत्र भी नहीं दिया है। एक या दो नेताओं को और मंत्री बनाए जाने की अटकलें हैं।

राज्य विधानसभा में कुल 230 सीट हैं। इस लिहाज से मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की अधिकतम संख्या 35 हो सकती है। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत कुल मंत्रियों की संख्या 31 है। इस तरह से कुल चार पद रिक्त हैं। हालांकि कोई भी सरकार रणनीतिक तौर पर मंत्रिपरिषद में कुछ पद रिक्त रखती है। अटकलें लगायी जा रही हैं कि कम से कम एक व्यक्ति को मंत्री पद की शपथ दिलायी जा सकती है।

आज ही भोपाल में प्रदेश भाजपा की एक दिवसीय विस्तारित कार्यसमिति की बैठक चल रही है। इसमें प्रदेश के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। नवंबर दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार विजय हासिल कर राज्य में एक बार फिर से सरकार बनायी है। दिसंबर 2023 के दूसरे सप्ताह में डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वर्तमान में उनकी मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री के अलावा 30 मंत्री हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *