चिराग बोले- झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ेगी LJP-R, सभी विकल्पों पर हो रही चर्चा

रांचीः केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी। रविवार को रांची में पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि झारखंड विधानसभा गठबंधन में या अकेले चुनाव लड़ने सहित सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

चिराग पासवान ने यह बयान ऐसे समय दिया है जब एक दिन पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा की थी कि बीजेपी झारखंड में आगामी विधानसभा चुनाव एनडीए के घटक दलों आजसू र्पाअी और जेडीयू के साथ मिलकर लड़ेगी। हालांकि लोजपा (रामविलास) केंद्र में भाजपा नीत राजग सरकार का हिस्सा है।

चुनाव लड़ने को लेकर सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पासवान ने रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि लोजपा की प्रदेश इकाई गठबंधन या अकेले चुनाव लड़ने सहित सभी विकल्पों पर विचार-विमर्श कर रही है। पासवान रविवार को धनबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

झारखंड में लोजपा-आर का मजबूत आधार

चिराग पासवान ने कहा कि झारखंड में लोजपा (रामविलास) का मजबूत जनाधार है। उन्होंने कहा कि जब उनका जन्म हुआ, तब झारखंड एकीकृत बिहार का हिस्सा था। यह क्षेत्र उनके पिता की कर्मभूमि है। पार्टी ने राज्य में मजबूत जनाधार बनाया है। ऐसे में यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।’

एनडीए में तालमेल की घोषणा पितृपक्ष के बाद

असम के मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा था, ‘‘भाजपा, आजसू और जदयू के साथ मिलकर झारखंड चुनाव लड़ेगी। सहयोगियों के साथ 99 प्रतिशत सीट पर सहमति बन गई है। बाकी की एक या दो सीट के लिए बातचीत जारी है और इन पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि इस संबंध में औपचारिक घोषणा ‘पितृ पक्ष’ के बाद की जाएगी जो दो अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *