केदारनाथ उपचुनाव के बाद निकाय की तैयारी, BJP ने जीत का बनाया यह प्लान

देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री-संगठन बीएल संतोष ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में निकाय चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव को लेकर कमर कस लें। हमें विपक्ष नहीं बल्कि अपने पुराने चुनावी आंकड़ों को चुनौती मानते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

नगर निकाय चुनाव को लेकर गठित जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और निकायों में नियुक्त चुनाव प्रभारियों की बैठक में संतोष ने कहा कि हमें पूरी गंभीरता, मेहनत और लगन के साथ इस चुनाव में जाना है और जनता का विश्वास हासिल करना है। जिस तरह से विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की, इसी क्रम को निकाय और नगर पंचायतों के चुनाव में भी बरकरार रखना है।

प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों के सुख-दुख में सबसे पहले जाते हैं। इस संवाद को लोगों के साथ हमेशा बनाकर रखना है। हमें तय रणनीति और पूर्ण सामर्थ्य के साथ जनता के पास सरकार के काम और संगठन की सक्रियता को पहुंचाना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जिस तरह बूथ मैनेजमेंट अपनाया, उसी तर्ज पर निकाय और पंचायत चुनावों में अपनाना होगा। प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने अब तक की तैयारी का खाका रखा। इस बैठक में प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, खिलेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार और राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी भी मौजूद रहीं।

प्रत्याशी चयन में गोपनीय सर्वे बनाया जाएगा आधार

आगामी नगर निकाय चुनाव के तहत दून नगर निगम के मेयर पद के लिए प्रत्याशी का चयन भाजपा के लिए सिरदर्दी बन सकता है। निवर्तमान मेयर और वरिष्ठ नेताओं से लेकर कई युवाओं के नाम चर्चा में हैं। दावेदार की जमीनी तैयारी और मजबूती आंकने के लिए गोपनीय सर्वे का सहारा लिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष साफ कर चुके हैं कि पार्टी जिताऊ प्रत्याशी पर ही दांव लगाएगी।

प्रांतीय नेतृत्व ने विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ महानगर टीम से मेयर के बाबत फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। आरक्षण पर स्थिति साफ होने के बाद दावेदारों को लेकर चर्चा और जोर पकड़ेगी।

मेयर पद पर दावेदारी को लेकर कई नाम सामने आ चुके हैं, जिसमें निवर्तमान मेयर सुनील गामा, वरिष्ठ नेता प्रकाश सुमन ध्यानी, मंडी परिषद के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, अनिल गोयल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, प्रदेश सह संयोजक विशाल गुप्ता और सौरभ थपलियाल भी शामिल हैं।

जबकि, महिलाओं में राष्ट्रीय सचिव दीप्ति रावत, महिला मोर्चा की नेता कमली भट्ट, बबीता सहोत्रा, भाजयुमो उपाध्यक्ष नेहा जोशी, विनोद उनियाल, गीता खन्ना, उषा नेगी, अमिता सिंह शामिल हैं। हालांकि, अभी तक किसी दावेदार ने औपचारिक रूप से पार्टी के सम्मुख दावा नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *