नई दिल्ली : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण के मूल मंत्र पर काम कर रही है. नड्डा ने कहा कि समाज के आखिरी व्यक्ति तक सरकारी योजानओं का लाभ पहुंच रहा है.
PM ने बदली राजनीति की संस्कृति
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पहले सरकारी योजनाएं सिर्फ कागज पर बनती थीं और वहीं लागू हो जाती थीं. लेकिन आज ऐलान से लेकर आखिरी लेवल तक उसकी मॉनिटरिंग हो रही है ताकि हर स्कीम का लाभ जनता तक पहुंच सके. नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की राजनीति की संस्कृति को बदला है साथ ही सरकार के कामकाज के तरीके के भी बदल दिया है. आज हम देखते हैं कि लोगों के मन में भाव है कि अगर मोदी है तो मुमकिन है. साथ ही आज जिम्मेदार, प्रोएक्टिव और उत्तरदायी सरकार काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि अंत्योदय को हमने तेज गति से आगे बढ़ाया है और नेशन फर्स्ट को लेकर हमारी सारी नीति आगे बढ़ी हैं. पहले योजनाएं कागज पर ही बनती, कागज पर ही इंप्लीमेंट होती थी, कागज में ही उद्घाटन हो जाता है. लेकिन आज योजना बनने से लेकर, उसके इंप्लीमेंटशन तक निचले स्तर तक मॉनिटरिंग की जाती है.
गरीबों में दिया जा रहा मुफ्त राशन
बीजेपी प्रेसिडेंट ने कहा कि पिछली सरकार के 70 साल में शिक्षा विभाग ने 6.37 लाख प्राथमिक विद्यालय बनाए थे. मोदी सरकार के 8 साल के कार्यकाल में 6.53 लाख प्राथमिक विद्यालय बने हैं. यूनिवर्सल एजुकेशन की दृष्टि से हम आगे बढ़ रहे हैं. गरीब कल्याण अन्न योजना की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई है, क्योंकि कोरोना संकट में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आर्थिक मामलों को भी किसी देश ने हल किया तो वो भारत है. उन्होंने कहा कि 2 साल से करीब 80 करोड़ गरीबों को 5 किलो मुफ्त राशन दिया जा रहा है.
नड्डा ने बताया कि किसान सम्मान निधि के तहत अब तक प्रधानमंत्री ने हर साल 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों के रूप में अब तक 10 किस्तें दे दी हैं और 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये इस पर अब तक खर्च किये जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मंगलवार को शिमला के रिज मैदान से 11वीं किस्त जारी करेंगे.
संस्कृति की रक्षा के लिए उठाए कदम
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हमने संस्कृति की भी रक्षा की है. चाहे वो भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, भव्य और दिव्य काशी हो, महाभारत सर्किट हो, रामायण सर्किट हो, केदारनाथ का पुनरोद्धार हो, सोमनाथ का विकास का हो और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी आधुनिक समय में एक तरह से भारत के इतिहास को प्रतिलक्षित करने का केंद्र बना है. साथ ही डॉ अंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थलों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित करने का काम भी मोदी सरकार ने किया है.
