महाकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने सक्षम संस्था ने किया नेत्र महाकुम्भ का आयोजन, सीएम ने की सराहना

हरिद्वार। राजकीय ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के मदन मोहन मालवीय आडिटोरियम में नेत्र महाकुम्भ का उदघाटन कर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि दिव्य और भव्य कुम्भ बनाने के लिए हमारी तैयारी पूरी है। जनता आए और पूरी तरह गंगा स्नान करके जाए, कोई रोक-टोक शासन-प्रशासन की तरफ से नहीं होगी। भारत सरकार की ओर से जारी कोविड गाइडलाइन जैसे मास्क लगाना, सेनेटाइजर का इस्तेमाल करना, साबुन से हाथ धोना आदि का पालन करें, बाकी कोई रोकटोक या सख्ती नहीं रहेगी।

सीएम रावत ने कहा कि सक्षम संस्था के द्वारा नेत्र महाकुम्भ आयोजित किया गया है, जिसके शुभारंभ के अवसर पर मुझे आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा, वसुधैव कुटुम्बकम और सर्वे भवंतु सुखिना, सर्वे संतु निरामया का भाव लेकर हम भारतीय चलते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्षम संस्था के द्वारा उन दिव्यांगों को, जो पांव से कमजोर हैं, दृष्टि से कमजोर हैं, को उपकरण देने का जो काम किया जा रहा है, इसके लिए मेरी तरफ से बहुत बहुत साधुवाद और धन्यवाद। यही नहीं हंस फाउंडेशन की माता मंगला की ओर से भी जिस प्रकार सेवा की जा रही है, वह अनुकरणीय है।

सीएम रावत ने कहा कि कुम्भ में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार कुम्भ में सभी लोग बिना रोकटोक के बड़ी संख्या में आएं, पर गाइडलाइन का पालन जरूरी है। आगामी स्नानों में हम साधु-संतों का और भव्य-दिव्य अभिनंदन करने की तैयारी में है। महाशिवरात्रि पर शाही स्नान के दौरान भी साधु-संतों के अभिनंदन के लिए हैलीकाॅप्टर से पुष्पवर्षा कराई गई, जिससे पूरा संत समाज प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र को स्वच्छ और साफ रखने के दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्यों, साधु-संतों और अखाड़ों से बातचीत हुई है, उसके क्रम में शासन-प्रशासन पूरा सहयोग करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *