मनोज रौतेला की रिपोर्ट:
सिक्किम/देहरादून: सेना की तरफ से दुखद खबर आ रही है. पूर्वी सिक्किम में एक बड़ा हादसा हो गया है. सेना के जवानों को ले जा रहा एक ट्रक खाई में गिर गया. इससे तीन जवानों की मौत हो गई और तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी है. एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना न्यू जवाहरलाल नेहरू रोड पर हुई. उन्होंने बताया कि यह मार्ग गंगटोक को सोमगो झील और भारत-चीन सीमा के निकट नाथुला से जोड़ता है. अधिकारी ने बताया कि ट्रक में कुमाऊं रेजिमेंट के छह जवान सवार थे और ये गंगटोक की तरफ जा रहे थे तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह 600 फुट गहरी खाई में जा गिरा.
चालक तथा दो अन्य जवानों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जिसमें से एक जवान का नाम बृजेश रौतेला है। वहीँ सेना, बीआरओ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने इस दुर्गम क्षेत्र में खराब मौसम के बीच बचाव अभियान चलाया। तीन घायल जवानों को गंगटोक के सेना अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में घायल जवानों को गंगटोक के सेना अस्पताल से बंगाल के सिलीगुड़ी में इलाज के लिए भेजा गया।


