पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ रायगढ़ा कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन, बैलगाड़ी और साइकल से निकाली रैली

अंजन साबत की रिपोर्ट


रायगढ़ा/भुवनेश्वर। पेट्रोल और डीजल के अंधाधुंध बढ़ते दामों के कारण आज आम जनता का जीवन दूभर हो रहा है। कारपोरेट को लाभ पहुंचाने के लिए मोदी सरकार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम पर अंकुश नहीं ला पा रही है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस रायगढ़ा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पांडा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व आम जनता एकत्रित हुए। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी और साइकिल से कलेक्टर कार्यालय से नगर निगम कार्यालय के बीच रैली निकाली। इस दौरान जिलेभर से एकत्रित हुए लोगों से सरकार से पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों से राहत दिलाने की गुहार लगाई।

रायगढ़ा कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

जिला मुख्यालय में प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पांडा ने कहा कि आज मोदी सरकार की गलत और कारपोरेट हितैषी नीतियों के कारण देश दशकों पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम अगर ऐसे ही बढ़ते रहे तो वो दिन दूर नहीं जब सबकों बैलगाड़ी और साइकिल से सफर करना पड़ेगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में ही आखिर ऐसा क्यों होता है? क्यों केंद्र ने जब-जब बीजेपी की सरकार आती है तब-तब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ जाते हैं।

रायगढ़ा कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पांडा ने कहा कि देश में जब यूपीए की सरकार थी और कच्चे तेल के दाम 100 रुपये प्रति बैरल के करीब पहुंच गए थे उस वक्त भी सरकार ने जनता के हितों का ध्यान रखा और पेट्रोल तथा डीजल के दाम बढ़ने नहीं दिए। पर आज देश में कच्चे तेल के दाम बहुत कम हैं। पर मोदी सरकार कारपोरेट को लाभ पहुंचाने के फेर में आम जनता की हालत पतली करती जा रही है।
जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद पांडा ने कहा कि केंद्र की नीतियों को राज्य की नवीन पटनायक सरकार भी शह दे रही है। अगर सरकार टैक्स में कुछ कटौती कर दें तो आम जनता को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की नवीन पटनायक सरकार देखने में तो दोनों अलग पार्टी की है पर धरातल पर मिलकर जनविरोधी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस दोनों का विरोध कर रही है और करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकारों की इन नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन पूरे राज्य में चल रहा है।

रायगढ़ा कांग्रेस ने किया जोरदार प्रदर्शन

प्रदर्शन में उनके साथ रायगढ़ा कांग्रेस विधायक प्रत्याशी अप्पला स्वामी कडरका, टाउन प्रेसीडेंट शंकरी मज्जी, जिला महासचिव पार्थ बर्धन समेत हजारों की संख्या में जिले भर से आए कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *