मोदी सरकार ने रक्षा के क्षेत्र में किए अभूतपूर्व कार्य, सेना का किया आधुनिकीकरण : जेपी नड्डा

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा पूर्व सैनिकों के संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमें गर्व करना चाहिए कि हम देश के जवानों की वजह से होली, दीवाली अपने परिवार के साथ मना पा रहे हैं। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, मोदी सरकार सुरक्षा और सैनिक कल्याण पर विशेष ध्यान दे रही है। देश का सैन्य बजट बढाया गया है। मनाली से लेह तक अटल टनल बनी है। आल वेदर रोड बन रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने रायवाला के वुड्स रिसोर्ट में पूर्व सैनिकों से संवाद और पूर्व सैनिकों के सम्मान कार्यक्रम में शिरकत की। करीब साढ़े दस बजे जेपी नड्डा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनका स्वागत किया। पूर्व सैनिक संगठन की ओर से जेपी नड्डा और अन्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया गया।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने इस दौरान कांग्रेस को भी आड़े हाथ लिया। कहा, दस साल यूएपीए की सरकार में कोई कार्य नहीं हुए। आज मोदी सरकार ने रक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। चीन बॉर्डर तक 74 सड़के बनकर तैयार हैं। 61 सड़कें और तैयार की जा रही हैं। इसके लिए बीआरओ का धन्यवाद। मोदी सरकार ने सेना का आधुनिकीकरण किया है। 36 राफेल और 15 चिनूक हैलीकॉप्टर लाए गए हैं। आज हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि मेक इन इंडिया के तहत असलहे और बुलेट प्रूफ जैकेट भारत में तैयार की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है।

प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों की बेहतरी को संकल्पबद्ध

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को सैन्य धाम बनाने का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवार वालों के बेहतरी के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा एनडीए, सीडीएस या उसके समकक्ष लिखित परीक्षा पास करने वाले पूर्व सैनिकों के बच्चों को सेना में एसएसबी इंटरव्यू की तैयारी के लिए 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पूर्व सैनिक संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *