उत्तराखंड : छोटी बहन बताकर 25 साल बड़ी लड़की से कराई शादी, मुंह दिखाई में मचा बवाल

उधमसिंह नगर l ऊधमसिंहनगर में एक युवक के साथ शादी के नाम पर बड़ा धोखा हो गया। सगाई के वक्त दूल्हे को छोटी बहन दिखाई गई। रिश्ता तय होते ही शादी की तैयारियां शुरू हो गई, लेकिन शादी के बाद जब दुल्हन की मुंह दिखाई की रस्म हुई तो हर कोई हक्का-बक्का रह गया। दरअसल लड़के की शादी उससे उम्र में 25 साल बड़ी युवती से करा दी गई थी, जो तलाकशुदा भी है। दूल्हे से 25 साल बड़ी दुल्हन देख हर किसी के पैरों तले जमीन खिसक गई। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों पर केस दर्ज किया है। घटना बाजपुर की है। यहां पुलिस को दी गई शिकायत में बरहनी निवासी शेर मोहम्मद पुत्र गुच्छन ने बताया कि उसने अपने बेटे इकबाल की शादी दोराहा बाजपुर में रहने वाले तालिब की बेटी सबीना संग तय की थी।

शादी में कोई दान-दहेज नहीं लिया गया। आरोप है कि निकाह में तालिब व उसके परिवार वालों ने धोखे से सबीना की जगह अपनी तलाकशुदा बेटी मिशरा उर्फ शौकीन उर्फ नन्हीं के साथ इकबाल का निकाह करा दिया। मामला तब खुला जब मुंह दिखाई की रस्म हुई। निकाह के बाद मुंह दिखाई के दौरान महिलाओं ने दुल्हन से घूंघट हटाने को कहा तब पता चला कि दुल्हन बदल चुकी है। दुल्हन इकबाल से करीब 25 साल बड़ी है, उसका तलाक हो चुका है। शेर मोहम्मद ने कहा कि मामले में कई पंचायतें हुई लेकिन हल नहीं निकला। यही नहीं आरोपियों ने उसके बेटे इकबाल को जबरन अपने घर में बंधक बनाकर रखा हुआ है। बहरहाल कोर्ट के आदेश पर अब पुलिस ने पूरे घटनाक्रम में महिला सहित 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *