उत्तराखंड : विशेषज्ञ दल खोजेगा चारधाम के पुराने पारंपरिक मार्ग

देहरादून l उत्तराखंड में गढ़वाल के हिमालयी क्षेत्र में स्थित चार धाम के नाम से प्रसिद्ध बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के पुराने पारंपरिक मार्गों को खोजने के लिए सोमवार को यहां से 25 सदस्यीय विशेषज्ञों का एक दल रवाना हुआ।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से दल को रवाना करते हुए ट्रेकर्स को शुभकामनाएं दीं और इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘यह गर्व का क्षण है कि हमारे पास उत्तराखंड की पुरानी पगडंडियों का पता लगाने के लिए एक युवा बल है। यह पहल हमारी सदियों पुरानी विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।’’

धामी ने कहा कि अभियान से न केवल राज्य में साहसिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि यह पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने, होमस्टे, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।

उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) ने ‘ट्रैक द हिमालय’ संगठन के साथ मिलकर यह अभियान शुरू किया है जिसके तहत विशेषज्ञों का 25 सदस्यीय दल चारधाम मार्ग पर पुराने मार्गों को खोजने के लिए 1,200 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगा। अपने 50 दिनों के अभियान के दौरान दल पुराने चार धाम मार्गों के अलावा शीतकालीन चार धाम मार्गों का भी पता लगाएगा।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *