उज्जैन l महाशिवरात्रि के दिन उज्जैन के महाकाल मंदिर में 11 लाख 71 हजार दिए जलाकर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया गया. उज्जैन की जनता ने इस दौरान रामघाट, नृसिंह घाट, दत्त अखाड़ा, गुरुनानक घाट तथा सुनहरी घाट पर एक साथ 11 लाख 71 हजार 78 दीप प्रज्जवलित कर अयोध्या में बनाये गए 9 लाख 41 हजार के दीप प्रज्जवलन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया.
पुण्य सलिला क्षिप्रा से श्री महाकाल महाराज जी के परिसर तक, अवंतिका नगरी के हर देवालय से गली-चौराहे तक उज्जैन रोशनी से दमक उठी है।
आप सभी ने 11,71,878 दीप प्रज्ज्वलित कर न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि पावन अवसर को इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिख दिया है। मन आनंदित है। https://t.co/oRalCjCIMe pic.twitter.com/45xn44o4LK
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 1, 2022
उज्जैन में जलाया गया 11 लाख 71 हजार 78 दीप
महाशिवरात्रि के मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी के साथ क्षिप्रा नदी के रामघाट पर पहुंचे और 15 दीये प्रज्जवलित कर ‘शिव ज्योति अर्पण’ कार्यक्रम शुरु किया. यह कार्यक्रम रामघाट पर शाम 6 बजकर 42 मिनट से प्रारम्भ हुआ था. इस दौरान भगवान भोलेनाथ की नगरी तब जगमगा उठी, जब 11 लाख 71 हजार 78 दीप एक साथ प्रज्जवलित हो उठे.
दीप प्रज्जवलन के बाद शाम 6.47 बजे उज्जैन के सभी घाटों की रोशनी बंद कर दी गई. इसके बाद शिप्रा तट दीपों की रोशनी से नहा उठा. शाम 6 बजकर 53 मिनट पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि द्वारा दीप प्रज्जवलन की गणना शुरू की गई. कुछ ही समय में गिनीज बुक के निश्चल बारोट द्वारा घोषणा कर दी गई कि उज्जैन ने अयोध्या का रिकॉर्ड तोड़ते हुए दीप प्रज्जवलन का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है.
अयोध्या में जलाया गया था 9 लाख 41 हजार दीप
इसके बाद शिप्रा नदी के अलग-अलग घाटों पर मौजूद लाखों लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई. इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर कहा कि महाकाल महाराज की कृपा और आम जनता की भक्ति, श्रद्धा एवं तपस्या से महाशिवरात्रि पर एक अनोखा रिकॉर्ड स्थापित करने का सौभाग्य मिला. उन्होंने कहा कि उज्जैन नगरी पर भगवान महाकाल कृपा की वर्षा करें, सभी सुखी रहें, निरोग रहें और सबका कल्याण हो.
खबर इनपुट एजेंसी से
