चार बच्चों की मां को नाबालिग से हुआ प्यार, फिर दोनों ने की खुदकुशी

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में प्रेम-प्रसंग का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। 4 बच्चों की मां और एक नाबालिग ने फांसी लगाकर जान दे दी। दरअसल, एक महिला को 17 वर्षीय नाबालिग से प्यार हो गया और फिर लोगों को इसकी जानकारी हुई तो लोकलाज के चलते पहले प्रेमी और फिर प्रेमिका ने फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

पूरा मामला जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र का है। जहां छप्परतला गांव में गुरुवार को एक महिला और नाबालिग ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। चर्चा है कि चार बच्चों की मां और नाबालिग में प्रेम संबंध था। महिला का पति बाहर रहकर कमाई करता है। बताया जा रहा है कि मृतका गुड़िया उर्फ निराला और पिंटू के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे महिला के परिजनों ने देख लिया था। इसी कारणवश लोकलाज के भय से महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी खबर सुनते ही पिंटू ने भी गांव से दूर जाकर एक आम के पेड़ में रस्सी बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक महिला की दो लड़की और दो लड़के हैं। बड़ी लड़की 12 वर्ष और छोटी 10 वर्ष की है। लड़कों की उम्र 8 और 5 वर्ष है। मृतक पिंटू कश्यप क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। दोनों मृतक एक ही बिरादरी के थे और दोनों का घर आसपास ही था। एसपी संतोष मिश्रा ने बताया कि गुड़िया उर्फ निराला घर के अंदर पंखे के हुक से साड़ी का फंदा गले में डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पिंटू ने गांव से 200 मीटर दूर संतोष के खेत में लगे आम के पेड़ में रस्सी से गले में बांध कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *