‘हारे हुए सीएम को फिर से हराएंगे’, चंपावत उपचुनाव पर करण माहरा ने भरी हुंकार

पौड़ी : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस पहुंचे जहां, उन्होंने पत्रकारों से वार्ता की. इस दौरान उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कांग्रेस को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की परेशानियों को जानने के लिए वे सभी जिलों के भ्रमण पर निकले हैं. वहीं, सीएम पुष्कर सिंह धामी के चंपावत से उपचुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि हारे हुए सीएम को फिर से हराएंगे.

सीएम धामी को हराएंगे: करण माहरा ने कहा चंपावत उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली है. दो से तीन दिन के भीतर प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा. इस उपचुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री को हराने के लिए कांग्रेस तैयार है. कांग्रेस के सामने एक हारा हुआ मुख्यमंत्री है. लिहाजा फिर से उन्हें हराने में कांग्रेस को खासी दिक्कत नहीं उठानी पड़ेगी.

सरकार की नीतियों का विरोध: उन्होंने कहा भाजपा को भले ही विधानसभा चुनाव में बहुमत मिला है, लेकिन जनता आज भी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियो से परेशान है. विपक्ष में रहते हुए जनता की समस्याओं के लेकर कांग्रेस हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी. वहीं, चारधाम यात्रा को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा चारधाम यात्रा शुरू हो चुकी है, लेकिन आज भी मार्ग पर अव्यवस्थाएं जस की तस बनी हुई हैं. मार्ग में पानी और पार्किंग की सुविधाओं के इंतजाम नहीं हैं.

चारधाम यात्रा को लेकर उठाए सवाल: करण माहरा ने कहा चारधाम यात्रा मार्गों में अभी भी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. भले सरकार यात्रा को लेकर काफी प्रचार प्रसार कर रही है, लेकिन चारधाम यात्रा मार्गों में सड़क की स्थिति बदहाल बनी हुई है. जगह-जगह गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं. इसके अलावा यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पर पेयजल की दिक्कतें बनी हुई हैं. इतना ही नहीं सरकार ने ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर स्थानीय लोगों को परेशान करने और उनके व्यापार को प्रभावित करने का काम किया है. ऑनलाइन बुकिंग से छोटे और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं. जिससे उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है.

हर घर जल योजना: वहीं, करण ने प्रदेश सरकार की हर घर नल, हर घर जल योजना पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा सरकार ने नल तो बिछा दिए, लेकिन उसमें आज पानी ही नहीं आया है. जिन जल स्त्रोत से नलों में पानी दिया जा रहा है, वो जल स्त्रोत तो सूखने की कगार पर हैं. जल्दी ही प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस मुखर होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *