उत्तरकाशी में 46 अमृत सरोवर पर शुरू हुआ काम

उत्तरकाशी : चार सौ वर्ग मीटर क्षेत्रफल के मानक की बाध्यता हटने के बाद सीमांत जनपद उत्तरकाशी में अमृत सरोवर योजना ने गति पकड़ ली है। 75 अमृत सरोवर में से 46 पर काम शुरू हो गया है। स्वतंत्रता दिवस पर इन अमृत सरोवर के पास ध्वजारोहण का कार्यक्रम होना है। इसको लेकर जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने बुधवार शाम को जिला सभागार में बैठक ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है। पहले प्रत्येक अमृत सरोवर का क्षेत्रफल 400 वर्ग मीटर तय किया गया था। लेकिन, पहाड़ों में इस क्षेत्रफल के अनुरूप अमृत सरोवर के लिए स्थान नहीं मिल रहे थे। जिसके बाद शासन की ओर से पहाड़ों के लिए क्षेत्रफल के मानक को हटाया गया। जनपद उत्तरकाशी में अमृत सरोवर के लिए 75 स्थान चिह्नित किए गए हैं। जिनमें 46 अमृत सरोवर का निर्माण शुरू किया गया है।

जिलाधिकारी ने अन्य अमृत सरोवर पर भी शीघ्र निर्माण शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि हर ब्लाक में अमृत सरोवर निर्माण के साथ सड़क किनारे पौधारोपण भी अनिवार्य रूप से किया जाए। इसके लिए वन विभाग, लोक निर्माण विभाग व एनएच को योजना तैयार करनी चाहिए। साथ ही अमृत सरोवर निर्माण कार्यो की निगरानी करने और दैनिक निर्माण की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश सभी ब्लाक के खंड विकास अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *