पांच आईएएस अफसरों को उत्कृष्ट जिलाधिकारी सम्मान, राज्यपाल करेंगे सम्मानित

देहरादून : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पांच अफसर वर्ष 2022 के उत्कृष्ट जिलाधिकारी सम्मान के लिए चयनित किए गए हैं। रविवार को राजभवन में राज्यपाल ले.ज. गुरमीत सिंह (सेनि) उन्हें सम्मानित करेंगे। सचिव (सामान्य प्रशासन) विनोद कुमार सुमन के मुताबिक, वर्ष 2022 के दौरान अपने-अपने जिलों में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिलाधिकारियों को यह सम्मान दिया जाएगा।

इनमें नैनीताल के जिलाधिकारी धीरज गर्ब्याल, हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, पौड़ी के जिलाधिकारी आशीष चौहान, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना के नाम शामिल हैं। सम्मान के चयन के लिए गठित अधिकृत समिति की सिफारिश पर पांचों जिलाधिकारियों के नाम तय किए गए। इस संबंध में सुमन ने चयनित जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर उन्हें सम्मान के लिए चुने जाने की जानकारी दी। सम्मान समारोह राजभवन के ऑडिटोरियम में सुबह 11 से बजे होगा।

मुख्यमंत्री आज देंगे 80 अफसर-कर्मियों को पुरस्कार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में सुबह नौ बजे सेवा के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले 80 अफसरों और कर्मचारियों मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं सुशासन पुरस्कार से सम्मानित करेंगे। अलग-अलग श्रेणियों में दिए जाने वाले पुरस्कार पाने वालों में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विनोद कुमार सुमन, आशीष श्रीवास्तव, ईवा आशीष श्रीवास्तव, अपर सचिव ललित मोहन रयाल से लेकर जिलाधिकारी व कर्मचारी सम्मानित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *