सरकार की छवि को कर रहे हैं धूमिल अफसर

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं। मुख्य सचिव भी अधिकारियों पर अंकुश लगाने पर नाकाम रहे हैं। कई बार मुख्य सचिव अपने दर्द को सार्वजनिक भी कर चुके हैं। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शासन एवं विभागीय अधिकारी मिलकर सरकार की छवि को धूमिल करने की दिशा में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

नेगी ने कहा कि जनता का इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि उनके शिकायती पत्र और मांग पत्रों पर कार्रवाई तो दूर, विभागों में पत्र ढूंढे नहीं मिलते। आलीशान कार्यालयों में बैठे अधिकारी जनता की समस्या का निराकरण करने की बजाय उसमें इजाफा करने में लगे हैं। अधिकारियों की गैर हाजिरी भी जनता की परेशानियों को बढ़ाने का काम करती है। नेगी ने कहा कि शासन द्वारा शासन को संदर्भित पत्र पटल पर पड़े-पड़े दम तोड़ रहे हैं तथा जब पीड़ित पक्ष अपने पत्रों की व्यक्तिगत रूप से खोजबीन करता है तब जाकर पत्रावली मूवमेंट करती है। कहा कि कई बार शासन इतना लाचार हो जाता है कि विभागीय अधिकारियों को अनुस्मारक पर अनुस्मारक भेजने के बाद भी जवाब नहीं मिलता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *