इस राज्य में IAS अधिकारियों को गिफ्ट में मिले फ्लैट और शराब की बोतल

झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारियों को गिफ्ट में शराब की बोतल से लेकर फ्लैट तक मिले हैं। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग को दिए अपने अचल संपत्ति के ब्यौरे में अधिकारियों ने इनका उल्लेख किया है। रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन ने बताया है कि दोस्त ने गिफ्ट के रूप में उन्हें शराब की बोतल दी थी। इसके अलावा उनको वुडन बेड भी मिला है।

IAS छवि रंजन को क्या-क्या मिला
डीसी छवि रंजन ने बताया कि परिजनों और मित्रों से उनको आईफोन और कैमरा जैसे महंगे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स भी मिले हैं। जामताड़ा उपायुक्त फैज अहमद ने बताया है कि उनकी पत्नी को उनके मायके वालों ने सवा करोड़ की कीमत वाला फ्लैट तोहफे में दिया है। आईएएस अधिकारी ए मुत्थू कुमार ने भी ससुराल से मिले तोहफों का जिक्र किया है। बताया है कि मदुरई में 5 भूखंड गिफ्ट में मिला है जिनकी कीमत करोड़ों में है।

पलामू डीसी को रांची में मिला फ्लैट
पलामू के उपायुक्त ए डोड्डे को रांची में 31.42 लाख रुपये का फ्लैट मिला है वहीं गढ़वा के डीसी रमेश घोलप की पत्नी के नाम 85 लाख रुपये का फ्लैट रांची में है। रांची के पूर्व उपायुक्त ने बताया कि उन्हें गिफ्ट में सोने और हीरे के आभूषण भी मिले हैं।

24 में से 8 डीसी के पास ही रांची में अचल संपत्ति
रिपोर्ट में यह भी जानकारी मिली है कि झारखंड में पदस्थापित कुल 24 उपायुक्तों में से केवल 8 अधिकारियों के पास ही रांची में अचल संपत्ति है। 2016 बैच के आईएएस अधिकारी और गुमला के उपायुक्त सुशांत गौरव की पत्नी को ससुराल वालों ने 2.1 करोड़ रुपये का घर दिया है। ससुर ने भी 38.84 लाख रुपये का फ्लैट दिया है। रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा के पास भी रांची में 96.80 लाख रुपये का फ्लैट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *