दबंगों के डर से यह मकान बिकाऊ है’, यहां लोगों ने घरों के बाहर लगाए पोस्टर

अलीगढ़ : खबर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से है। यहां गांधी पार्क थाना क्षेत्र के डिप्टीगंज इलाके में कुछ घरों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ के पोस्ट लगे हुए है। इलाके के लोगों ने दो लोगों पर शराब पीकर रंगबाजी व उनकी बहन, बेटियों के साथ छेड़छाढ और गंदे-गंदे कमेंट्स करने का आरोप लगाया है। इन लोगों की दबंगई से परेशान होकर लोगों ने घरों पर यह पोस्टर लगाए है। हालांकि, पोस्टर लगाए जाने की जैसा ही जानकारी पुलिस को हुई तो उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर पोस्टर हटवा दिए।

यह मामला अलीगढ़ जिले के थाना गांधी पार्क के डिप्टीगंज इलाके का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगों का कहना है कि दो युवक शराब के नशे में इलाके में रंगबाजी करते हैं। बाहरी लोगों को अपने घर पर बुलाकर शराब पीते और पीलाते हैं। राह चलते लोगों से मारपीट करते हैं और उनकी बहन, बेटियों के साथ छेड़छाड़ और गंदे-गंदे कमेंट्स भी करते हैं। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी गई। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आक्रोशित होकर चार दर्जन से अधिक मकानों पर मकान बिकाऊ है के पोस्टर लगा दिए।

घरों के बाहर लगाए गए पोस्टरों पर लिखा था, ‘दबंगों के डर से मकान बेचने को मजबूर, यह मकान बिकाऊ है’। इस सूचना पर शुरुआत में लैपर्डकर्मी पहुंचे तो उन्हें विरोध कर भगा दिया। बाद में इंस्पेक्टर गांधीपार्क वहां पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया और महिला की ओर से दी गई तहरीर पर बिट्टू व सनी को मौके पर पकड़ लिया गया। साथ में दोनों पकड़े गए युवकों सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। तब जाकर ये पोस्टर हटे। इंस्पेक्टर ने बताया कि इन लोगों में पहले से झगड़ा है।

इसी क्रम में ये पोस्टर लगाए गए थे। मगर उन्हें समझा दिया गया। कार्रवाई की जा रही है। एएसपी पुनीत द्विवेदी ने बताया कि थाना गांधी पार्क में परसो दो परिवारों में लड़ाई हो गई। इस कारण पीड़ित परिवार ने अपने और आस-पास के घरों में कुछ पोस्टर लगा दिए। पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामलें में जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *