अब नए पैटर्न पर दरोगा चुनेगी धामी सरकार!

देहरादून : पुलिस दरोगा भर्ती के लिए अब पहले लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद चुने गए युवाओं की ही शारीरिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। पुलिस मुख्यालय नए पैटर्न से जल्द ही साढ़े तीन सौ पदों पर भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए नियमावली में बदलाव का प्रस्ताव तैयार हो चुका है।

पुलिस विभाग में सिपाही या दरोगा भर्ती के लिए एक से डेढ़ लाख तक आवेदन आते हैं। लिहाजा, सबकी शारीरिक परीक्षा आयोजित करवाना चुनौती रहती है। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा ली जाती है, जिसमें खाली पदों से करीब तीन गुना ज्यादा अभ्यर्थी चुन लिए जाते हैं। लेकिन, अब पुलिस विभाग यह पैटर्न बदलने के लिए दरोगा भर्ती नियमावली में परिवर्तन करने जा रहा है। पुलिस मुख्यालय स्तर से इसका प्रस्ताव भी तैयार किया जा चुका है, जो जल्द ही कैबिनेट के लिए भेजा जाएगा।

आईजी-कार्मिक विम्मी सचदेवा ने कहा, ‘पुलिस में दरोगाओं के करीब साढ़े तीन सौ पद खाली हैं। इन पदों पर जल्द भर्ती होगी। इस बार भर्ती के पैटर्न में बदलाव के लिए नियमावली में संशोधन किया जाना है। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों की ही फिजिकल परीक्षा होगी। बड़ी संख्या में फिजिकल कराना काफी मुश्किल होता है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *