छत्तीसगढ़ : ‘देश का नाम भारत और इंडिया दोनों, BJP कर रही विवाद – मल्लिकार्जुन खरगे

रायपुर : भारत और इंडिया नाम को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस (Congress) भारत को जोड़ने में लगी है और बीजेपी (BJP) उसे तोड़ने में. उन्होंने कहा कि संविधान में देश का नाम भारत और इंडिया दोनों है लेकिन बीजेपी इसमें विवाद खड़ा कर रही है.

खरगे ने कहा कि यदि बीजेपी को ‘इंडिया’ शब्द से नफरत है तो उन्होंने स्टार्ट अप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया आदि योजनाओं के नाम क्यों रखा है. छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले के ठेकवा गांव में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘भरोसे का सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए उन्होंने हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा नहीं करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी पर भी हमला किया.

देश को तोड़ने में लगी बीजेपी- मल्लिकार्जुन खरगे
खरगे ने कहा, ‘‘हमने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए एक गठबंधन ‘इंडिया’ बनाया है और अब बीजेपी कह रही है कि देश का नाम इंडिया से बदलकर केवल भारत कर देना चाहिए. संविधान में ही इंडिया और भारत दोनों हैं. फिर इसपर झगड़ा क्यों हो रहा.’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमें कहते हैं कि हम भारत बोलने के विरोधी हैं. हमें भारत से प्रेम है. राहुल (गांधी) जी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले. नाम था भारत जोड़ो यात्रा. हम भारत जोड़ने में लगे हैं और आप (बीजेपी) भारत तोड़ने में लगे हैं.’’

पीएम मोदी के पोस्टर पर यह बोले खरगे
खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वह दंगा प्रभावित मणिपुर की ओर देख भी नहीं रहे हैं, दूसरी तरफ जी-20 की बैठक (दिल्ली में) चल रही है, जहां हर खंभे में उनकी तस्वीरें (पीएम के पोस्टर) हैं. पोस्टरों पर न तो उनके मंत्रियों की तस्वीर थी, न ही महात्मा गांधी या पंडित जवाहर लाल नेहरू की. क्या सब कुछ उनका है?’’

पीएम मोदी अडाणी की परवाह करते हैं- खरगे
वहीं, भूपेश बघेल सरकार की सराहना करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ में 15 साल तक बीजेपी की सरकार थी. मोदी साढ़े 13 साल तक गुजरात में मुख्यमंत्री रहे और अब 10 साल से प्रधानमंत्री हैं, लेकिन गुजरात की हालत जस की तस है. जो काम कांग्रेस सरकार ने पांच साल में छत्तीसगढ़ में किया वो आपने क्यों नहीं किया? ऐसा इसलिए है क्योंकि आपको (प्रधानमंत्री) गरीबों की परवाह नहीं है बल्कि आप अंबानी और अडाणी जैसे अमीरों की परवाह करते हैं.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *