शाही परिवार की वो कैंडिडेट, जो पांच साल में करोड़पति से हुईं अरबपति!

जयपुर : राजस्थान में इन दिनों विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान जोरों पर हैं. तमाम दलों के उम्मीदवार ना केवल जनसभाएं कर रहे हैं बल्कि घर-घर जाकर लोगों से वोट मांग रहे हैं. यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है और दोनों ही दल अपने अधिकतर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुके हैं. नई उम्मीदवारों ने नामांकन भी दाखिल कर दिया है.

मां की संपत्ति से मिले 80 करोड़

नामांकन के दौरान उम्मीदवारों ने जो हलफनामे दिए हैं उनमें से कुछ दिलचस्प जानकारियां भी सामने आ रही है. ऐसी ही एक उम्मीदवार हैं सिद्धि कुमारी जिन्हें बीजेपी ने बीकानेर पूर्व से अपना उम्मीदवार बनाया है. सिद्धि कुमारी पांच साल में करोड़पति से अरबपति बन गईं हैं. 2018 में दिए गए हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 8.89 करोड़ रुपये थी, जो इस बार बढ़कर 1.11 अरब रुपये हो गई.

बीकानेर राजघराने की पूर्व महारानी और सिद्धि कुमारी की दादी सुशीला कुमारी की मौत के बाद उनकी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा सिद्धि कुमारी को दिया गया था. इसकी कीमत 80 करोड़ रुपये से ज्यादा थी. इस कारण पिछले पांच साल में सिद्धि कुमारी की अचल संपत्ति 30 लाख रुपये से बढ़कर 85.78 करोड़ रुपये हो गयी. वहीं वर्तमान में उनके पास 16.52 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है जो 2018 में 3.67 करोड़ रुपये थी.

वसुंधरा के पास है इतनी संपत्ति

वहीं अन्य नेताओं की बात करें तो पिछले विधानसभा चुनाव में जमा किए गए हलफनामे से तुलना की जाए तो पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की ज्वैलरी में 1 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है. 2018 में दिए गए हलफनामे के मुताबिक उनके पास 1.08 करोड़ रुपये की ज्वेलरी थी, जो इस बार बढ़कर 2.40 करोड़ रुपये हो गई.उनके पास नकदी भी बढ़ गई है. पांच साल पहले उनके पास 1. 29 लाख रुपये की नकदी थी, जो इस बार बढ़कर 2.05 लाख रुपये हो गयी है.

इसी तरह बैंक में जमा राशि भी पांच साल में 51.24 लाख रुपये से बढ़कर 58.74 लाख रुपये हो गयी है. पांच साल पहले उन पर 5.33 लाख रुपये का कर्ज था जो अब चुका दिया गया है. उन्होंने सिंधिया पॉटरीज एंड सर्विसेज को 1.14 करोड़ रुपये उधार दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *