हार के बावजूद क्यों रोहित की कप्तानी अभी है बहुत ज्यादा जरूरी?

अहमदाबाद : वर्ल्ड कप जीतने का सपना पूरा नहीं होने पर रविवार की रात को जब रोहित शर्मा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से बाहर निकलते हुए अपने पास से गुजरने वाले हर व्यक्ति से हाथ मिला रहे थे तो निश्चित तौर पर वह काफी अकेलापन महसूस कर रहे होंगे। भले ही ऐसा लग रहा होगा कि रोहित शर्मा के सारे सपने चकनाचूर हो गए, लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम को अभी उनकी जरूरत है और उन्हें कम से कम दो साल तक लंबे फॉर्मेट का कप्तान बनाए रखा जाना चाहिए। राहुल द्रविड़ का कप्तानी कार्यकाल 2007 में जब खत्म हुआ तो महेंद्र सिंह धोनी उनकी जगह लेने के लिए तैयार थे और जब धोनी ने कप्तानी छोड़ी तो विराट कोहली को पहले से ही तैयार कर दिया गया था। इसी तरह से रोहित भी कोहली से जिम्मेदारी लेने को तैयार थे।

मगर मौजूदा टीम में कोई भी युवा अभी कप्तानी की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं लगता और ऐसे में चयनकर्ताओं के पास रोहित को कप्तान बनाए रखने के अलावा और कोई ऑप्शन नहीं है। टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ की बातों से अंदाजा लग जाता है कि रोहित टीम के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। द्रविड़ ने मैच के बाद कहा, ‘वह असाधारण कप्तान है। रोहित ने सच में बहुत अच्छी तरह से इस टीम की अगुवाई की है। उन्होंने ड्रेसिंग रूम में अपना बहुत सारा समय और एनर्जी साथी खिलाड़ियों को दी है। वह किसी भी चर्चा और मीटिंग के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं।’

रोहित ने पिछले छह सप्ताह में अपने कप्तानी स्किल्स और बेफिक्र बल्लेबाजी से क्रिकेट फैन्स को रोमांचित किया। द्रविड़ ने कहा, ‘उन्होंने वर्ल्ड कप के इस अभियान में अपना काफी समय और एनर्जी लगाई। वह आगे बढ़कर अगुवाई करना चाहते थे और उन्होंने टूर्नामेंट के शुरू से लेकर आखिर तक ऐसा किया।’ रोहित अभी 36 साल के हैं और 2027 में दक्षिण अफ्रीका में जब अगला वनडे वर्ल्ड कप खेला जाएगा तो उनकी उम्र 40 साल से अधिक हो जाएगी। भारतीय क्रिकेट मैनेजमेंट को हालांकि अभी उनकी जगह किसी अन्य को कप्तान बनाने की बजाय उन्हें कम से कम दो साल तक इस पद पर बनाए रखना चाहिए जो भारतीय क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण होगा।

वनडे में रोहित यह तय कर सकते हैं कि उन्हें किस सीरीज में खेलना है और किसमें नहीं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में कोविड-19 के बाद वह हर तरह की परिस्थितियों में भारत के बेस्ट बल्लेबाज रहे हैं और टीम को अभी उनकी जरूरत है। रोहित की मौजूदगी में अगले कप्तान को तैयार किया जा सकता है जिससे टीम बदलाव के दौर में अच्छी तरह से आगे बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *