2008 में निर्दलीय लड़े, 2023 में पहली बार विधायक बने, अब संभालेंगे राजस्थान की कमान

जयपुर: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राजस्थान में भी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चौंकाया है. पार्टी ने सांगानेर सीट से विधायक भजन लाल शर्मा को प्रदेश की कमान सौंपी है. मंगलवार को जयपुर में हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मोहर लगी. 3 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद से ही राजस्थान में मुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी में माथापच्ची चल रही थी.

दिग्गज नेता वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत और अश्विनी वैष्णव का नाम सीएम की रेस में था, लेकिन बाजी भजन लाल के हाथ लगी. वह प्रदेश में भाजपा का ब्राह्मण चेहरा होंगे. बता दें कि राजस्थान में 200 में से 199 सीट के लिए हुए चुनाव के परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किए गए. बीजेपी को 115 सीट पर जीत के साथ बहुमत मिला है. चुनाव नतीजे आने के बाद से कई नाम सीएम की रेस में चल रहे थे. इसमें वसुंधरा राजे का नाम सबसे ऊपर था.

संगठन में मजबूत पकड़ का मिला ईनाम

सांगानेर से विधायक भजन लाल शर्मा की संगठन में मजबूत पकड़ है. वे चार बार राजस्थान में प्रदेश महामंत्री चुने जा चुके हैं. वर्तमान में भी वह संगठन में सक्रिय है. 2023 के चुनाव में भाजपा ने पहली बार उन्हें जयपुर की सांगानेर जैसी सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ाया. पहली बार ही वह MLA बने ओर अब विधायक दल की बैठक में उन्हें सीएम बना दिया गया. खास बात ये है कि इस सीट पर भजन लाल शर्मा को चुनाव लड़ाने के लिए भाजपा ने निवर्तमान विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटा था.

अप्रैल में ही कर दिया था भाजपा की जीत का ऐलान

भजन लाल ने प्रदेश महामंत्री के तौर पर इस साल अप्रैल में ही भाजपा की जीत का ऐलान कर दिया था. उन्होंने कहा था कि भाजपा कांग्रेस की तरह चुनावी वर्ष का इंतजार नहीं करती. भाजपा फिजिकल और वर्चुअल तौर पर कार्यकर्ताओं से जुड़ी रहती है. उन्होंने यह भी ऐलान कर दिया था कि चुनावी तैयारी में भाजपा कांग्रेस से 100 कदम आगे है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *