एक-दूसरे से बिछड़ जाने के डर से प्रेमी युगल ने उठाया खौफनाक कदम, प्रेमिका की हुई मौत

फतेहपुर। यूपी के फतेहपुर में एक दूजे से बिछड़ जाने के डर से प्रेमी युगल ने खौफनाक कदम उठा लिया। दोनों एक साथ खेत पहुंचे और जहरीला पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजन दोनों को अस्पताल ले गए जहां युवती ने दम तोड़ दिया वहीं युवक का अभी खागा के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।

ये घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के मझिगंवा गांव का है। जहां कामता प्रसाद की 20 साल की बहन सीमा की शादी क्षेत्र के ही बरगदहा डेरा नरौली मजरे गढा गांव में हुई है। युवक अपनी बहन के घर आता जाता था। वहां पड़ोस की लड़की से उसकी दोस्ती हो गई। दोनों शादी करना चाहते थे। परिजनों तक बात पहुंची तो युवती के परिजनों ने रिश्ता उलटा बताकर शादी से इंकार कर दिया और युवती की शादी किसी दूसरी जगह करने की बात करने लगे। गुरुवार शाम दोनों की फोन पर बात हुई। युवती के गांव के बाहर दोनों खेत में पहुंचे और वहीं जहरीला पदार्थ खा लिया।

हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई तो अस्पताल लेकर भागे जहां इलाज के दौरान रात में ही युवती की मौत हो गई। वहीं युवक अभी अस्पताल में भर्ती है। हालांकि युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है। एएसपी विजय शंकर मिश्र ने बताया कि युवती के पिता ने थाने में जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी थी। मामला प्रेम प्रसंग का है। युवती की मौत हो गई है। युवक खतरे से बाहर है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उधर युवती के परिजनों ने युवक पर युवती को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि अस्पताल में युवक को युवती के मौत की जानकारी हुई तो वह बिलख पड़ा। बताया कि नासमझी में हम दोनों ने गलत कदम उठा लिया। अपने जिंदा बच जाने पर भी वह अफसोस जता रहा है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *