छत्तीसगढ़ : बीजेपी की ‘स्पेशल 40’ लिस्ट में किन नेताओं को मिली जगह!

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और नितिन गडकरी समेत 40 नेताओं को शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ बीजेपी के द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम भी शामिल हैं। राज्य की 11 लोकसभा सीटों के लिए तीन चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और सात मई को मतदान होंगे तथा वोटों की गिनती चार जून को होगी।

लिस्ट के अनुसार केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान और अर्जुन मुंडा तथा मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी राज्य में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। स्टार प्रचारकों में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और राज्य के चार मंत्री भी शामिल हैं। राज्य में तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके रमन सिंह का नाम इस लिस्ट में नहीं है। वह विधानसभा के अध्यक्ष हैं ।

किन नेताओं को मिली जगह
राज्य के कई नेताओं को छत्तीसगढ़ का स्टार प्रचारक बनाया गया है। स्थानीय नेताओं में लता उसेंडी, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, धरमलाल कौशिक, विक्रम उसेंडी, मोहन मंडावी, अजय चंद्राकर और दिनेश कश्यप जैसे नेताओं का नाम शामिल है।

विधानसभा चुनाव में मिली थी जीत
प्रधानमंत्री मोदी, शाह, आदित्यनाथ और शर्मा ने पिछले साल राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर प्रचार किया था। इस चुनाव में भाजपा ने तत्कालीन सत्ताधारी कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया था और बड़ी जीत दर्ज की थी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा में 54 सीटों पर कब्जा किया था, जबकि कांग्रेस 35 सीटें और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) एक सीट जीतने में सफल रही थी।

सत्ताधारी दल की नजर लोकसभा चुनाव में भी वही प्रदर्शन दोहराने पर है और उसने सभी 11 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। राज्य में नक्सल प्रभावित बस्तर (एसटी) लोकसभा क्षेत्र में 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा, जबकि तीन अन्य निर्वाचन क्षेत्रों महासमुंद, राजनांदगांव और कांकेर (एसटी) में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी का प्रदर्शन
शेष सात सीटों रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़ (एसटी), कोरबा, जांजगीर-चांपा (एससी) और सरगुजा (एसटी) में सात मई को अंतिम चरण में मतदान होगा। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने तीन बार 2004, 2009 और 2014 में 11 में से 10 लोकसभा सीटें जीती थीं। 2019 में भाजपा ने 11 में से नौ सीटें जीती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *