लोकसभा चुनावः चुनावी जंग में सोशल मीडिया और एंड्रायड एप बन रहा बड़ा हथियार!

भागलपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के सियासी रण में सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी उतर चुके हैं तो उनके समर्थक भी जनता के बीच अपने-अपने नेता व दल का प्रचार-प्रसार करने को लेकर मैदान में हैं। प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के समर्थक अपनी-अपनी राजनीतिक पार्टियों और नेताओं के लिए बनाए गये एंड्रायड एप के जरिए फोटो फ्रेम बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर समर्थक अपने-अपने नेताओं व दलों के झंडे, निशान के फोटो के साथ अपना फोटो लगाकर अपनों के लिए सियासी जंग लड़ रहे हैं। चुनाव के दौरान फोटो फ्रेम एप लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। इस समय तीन फोटो फ्रेम एप सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इस एप से अपने नेताओं के फोटो, राजनीतिक झंडे व निशान के साथ अपना फोटो लगा समर्थक उसे सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं।

कांग्रेस से लेकर महिला कांग्रेस का फोटो फ्रेम एप मचा रहा धूम

इस एप में सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह के साथ फोटो लगा सकते हैं। इसे 10 हजार से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया है। 21 फरवरी 2023 में अपडेट किया गया था। ये एंड्रायड 4.4 या इससे अधिक वाले ओएस पर चलाया जा सकता है। इसके अलावा ऑल इंडिया महिला कांग्रेस नाम से फोटो फ्रेम गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत राष्ट्रीय महिला नेताओं के साथ फोटो बना सकते हैं। इसे आठ नवंबर 2023 को अपलोड किया था। एक हजार से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है।

नरेंद्र मोदी फोटो फ्रेम एप को एक लाख से ज्यादा ने किया डाउनलोड

इस एप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फोटो के साथ लोग अपना फोटो लगा सकते हैं। इस एप को 29 फरवरी 2024 को अपग्रेड किया गया और एक लाख से ज्यादा लोग इसे डाउनलोड कर चुके हैं। इस एप को 5 में से 4.2 की रेटिंग मिली है। इसके अलावा भाजपा पोस्ट मेकर नाम से भी फोटो फ्रेम एप गूगल प्ले स्टोर पर है, जिसे 10 हजार से अधिक लोग अपने-अपने मोबाइल में डाउनलोड कर चुके हैं। इस एक के जरिये मोदी-योगी समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ फोटो फ्रेम बनाया जा सकता है।

राजद के फोटो फ्रेम में लालू-तेजस्वी व मीसा के साथ फोटो की सुविधा

एप में राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, मीसा भारती, तेज प्रताप यादव के साथ फोटो लगाकर लोग एक-दूसरे को पोस्ट कर सकते हैं। साथ ही इस एप के जरिए राजद के झंडे, निशान के साथ अपना-अपना फोटो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। इस एप को 16 सितंबर 2022 को गूगल प्ले स्टोर पर डाउनलोड किया गया तो 21 फरवरी 2023 को इसे अपग्रेड किया जा चुका है। इसे पांच हजार से ज्यादा लोग अबतक डाउनलोड कर चुके हैं। एप को 5 में से 4.2 स्टार रेटिंग मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *