एयरफोर्स का ‘आक्रमण’, नौसेना की ड्रिल, पहलगाम के बाद एक्शन तेज!

नई दिल्ली भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। एक तरफ एयरफोर्स ‘आक्रमण’ के नाम से युद्धाभ्यास कर रही है तो वहीं सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जम्मू-कश्मीर पहुंच चुके हैं। दोनों देशों की नौसेनाएं भी अरब सागर में युद्धाभ्यास कर रही हैं।

जनरल द्विवेदी LoC पर हालात का जायजा ले रहे हैं। वह आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की भी समीक्षा कर रहे हैं। एक बड़े अधिकारी ने हमारे सहयोगी TOI को बताया कि भारत के पास पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई के कई विकल्प हैं।

PAK ने रद्द किया शिमला समझौता

पाकिस्तान ने 1972 के शिमला समझौते को रद्द कर दिया है। इस समझौते के तहत सीजफायर लाइन को LoC में बदला गया था। दोनों देशों ने LoC को एकतरफा बदलने से मना किया था।

बंकरों पर हमला कर सकता है भारत

भारत के पास कम तीव्रता वाले सैन्य विकल्पों में LoC पर सीजफायर तोड़ना शामिल है। TOI ने बताया था कि भारत, पाकिस्तानी सेना की पोस्ट और बंकरों पर हमला कर सकता है।

गोलीबारी के बाद टूट गया था समझौता

बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच नवंबर 2003 में सीजफायर हुआ था। यह समझौता दोनों देशों के डायरेक्टर जनरलों (DGsMO) के बीच हुआ था। बाद में दोनों सेनाओं के बीच भारी गोलीबारी हुई और यह समझौता टूट गया।

2020 में 5 हजार से ज्यादा बार उल्लंघन

कई असफल प्रयासों के बाद, DGsMO के बीच समझौता फरवरी 2021 में फिर से हुआ। 2020 में 5,133 बार सीजफायर का उल्लंघन हुआ था। 2021 के बाद से यह समझौता ज्यादातर कायम है।

42 लॉन्च पैड से हटाए गए आतंकी

एक अन्य अधिकारी ने कहा कि भारतीय हमलों के डर से LoC के पास बने 42 ‘लॉन्च पैड’ से आतंकियों को हटा दिया गया है। ये लॉन्च पैड ज्यादातर पाकिस्तानी सेना की पोस्ट के साथ बने हैं।

पाकिस्तान का अरब सागर में युद्धाभ्यास

पाकिस्तान के साथ जमीनी सीमा पर तनाव है। समुद्री क्षेत्र में भी गतिविधियां बढ़ गई हैं। पाकिस्तान ने 24-25 अप्रैल को अरब सागर में युद्धाभ्यास किया। उसने जहाजों को अपने एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन में आने से मना किया था।

INS सूरत ने किया मिसाइल परीक्षण

भारतीय नौसेना ने को बताया कि INS सूरत ने सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल भारत और इजराइल ने मिलकर बनाई है। इसकी रेंज 70 किलोमीटर है। यह मिसाइल समुद्र की सतह को छूकर आने वाले लक्ष्यों को भी मार सकती है।

सैन्य विमानों की गतिविधियां बढ़ीं

भारत ने भी अपनी सैन्य सतर्कता बढ़ा दी है। पाकिस्तान में सैन्य विमानों की गतिविधियां भी बढ़ गई हैं। एयरबोर्न अर्ली वॉर्निंग कंट्रोल विमानों को LoC पर निगरानी रखने के लिए तैनात किया गया है। ये विमान इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस भी इकट्ठा करते हैं।

ORP में होते हैं 2-3 लड़ाकू विमान

भारतीय वायुसेना (IAF) ‘आक्रमण’ युद्धाभ्यास में अभ्यास कर रही है। इसमें राफेल सहित कई लड़ाकू विमान भाग ले रहे हैं। IAF ने अपने एयर बेस पर ORP (परिचालन तत्परता प्लेटफार्म) की संख्या भी बढ़ा दी है। ORP में दो से तीन लड़ाकू विमान होते हैं। ये विमान एयर बेस पर रनवे के पास बने ब्लास्ट पेन में तैयार रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *