लापता पति की जमीन हड़पने की साजिश का आरोप

देहरादून। पति के लापता होने के बाद उसकी जमीन हड़पने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों से विक्रय और बंधक पत्र पंजीकृत कराने का मामला सामने आया है। सोमवाार को प्रेस क्लब में पत्रकारो से वार्ता करते हुए धामावाला बाजार निवासी डिंपल बोबल ने राजेश डोडी और उसके सहयोगियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और संपत्ति हड़पने की साजिश का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल रेंज से कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, उनके पति अमित बोबल 22 जून 2022 को ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चला। डिंपल बोबल का आरोप है कि पति के लापता होने के बाद राजेश डोडी ने भाई जैसा विश्वास जीतकर उनसे कोरे कागजों, खाली स्टांप पेपरों और अन्य दस्तावेजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान कराए। साथ ही घर से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, संपत्ति के मूल दस्तावेज और हस्ताक्षरित बैंक चेक भी सुरक्षित रखने के बहाने ले लिए।

पीड़िता का सबसे गंभीर आरोप है कि उनके पति के नाम की बालावाला और ग्राम द्वारा स्थित जमीन के संबंध में फर्जी हस्ताक्षर दर्शाकर विक्रय अनुबंध और बंधक पत्र पंजीकृत कराए गए। इन दस्तावेजों में उन्हें गवाह भी दिखाया गया है, जबकि उनका दावा है कि उन्होंने ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान और दस्तावेज वापस मांगने पर उन्हें तथा उनके दोनों बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात भी कही।

प्रेस वार्ता में सोशल एक्टिविस्ट सुजाता पॉल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पीड़िता के अधिवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री ने एफआईआर दर्ज कर दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी शिकायत भेजी गई है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, कथित फर्जी हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराने, नगदी व आभूषण बरामद करने, संपत्तियों के हस्तांतरण पर रोक लगाने और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *