पौड़ी। पौड़ी की बेटी अंकिता भंडारी भले ही पंचतत्व में विलीन हो गई हो लेकिन न्याय की मांग को लेकर देवभूमि के लोगों का गुस्सा चरम पर है। हत्या के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भाष्कर, सहायक मैनेजर अंकित गुप्ता पुलिस की रिमांड पर हैं।
मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की घोषणा कर चुके हैं लेकिन अभी भी अंकिता के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। मां की तबीयत खराब है, वह बार बार आननफानन में किए गए अंकिता के दाह संस्कार को लेकर सवाल उठा रही हैं। इस बीच अंकिता के दोस्त पुष्प की मानें तो मुख्य आरोपी पुलकित बेहद शातिर है। पुष्प ने सबसे बड़ा सवाल पुलकित के मोबाइल को लेकर उठाया। उन्होंने पुलिस व एसआइटी से पुलकित के मोबाइल की सच्चाई सामने लाने की अपील की है।
बताते चलें कि जम्मू निवासी पुष्प, अंकिता का करीबी दोस्त था। उनकी दोस्ती करीब एक साल पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। सिविल इंजीनियर पुष्प ने बीते 15 सितंबर को अंकिता से वनन्तरा रिसॉर्ट में मुलाकात की थी। तब पुष्प की मुलाकात रिसॉर्ट स्वामी पुलकित आर्य से भी हुई थी।
पुष्प ने बताया कि जिस दिन उनकी अंकिता से मुलाकात हुई, उस दिन वह पूरी तरह सहज थी। इसके बाद अंकिता के साथ फोन व चैट के माध्यम से बातचीत होती रही। पुष्प ने बताया कि घटना से एक-दो दिन पहले से ही अंकिता कुछ असहज थी। उसने रिसॉर्ट संचालकों को लेकर सभी बातें उसके साथ साझा की थीं। घटना वाले रोज रात 8:30 बजे उसकी आखिरी बार अंकिता के साथ फोन पर बातचीत हुई। तब अंकिता, रिसॉर्ट स्वामी पुलकित, सौरभ भास्कर व अंकित गुप्ता के साथ ही थी। कुछ देर बातचीत के बाद उनकी कॉल खत्म हो गई थी।
पुष्प ने बताया कि इसी बातचीत के 45 मिनट बाद पुलकित ने उसे काल करके कहा कि वह रिसॉर्ट में लौट आए हैं और अंकिता अपने रूम में चली गई है। कहा कि अंकिता उनके रिसॉर्ट में काम करने में सक्षम नहीं है, लिहाजा वह उसके लिए दूसरी जगह नौकरी की तलाश करे। उन्हें अपने रिसॉर्ट में एडवांस रिसेप्शनिस्ट की जरूरत है, जो अंकिता के बस की बात नहीं। जबकि पूरे मामले की सच्चाई कुछ और थी। पुष्प ने पुलिस से शातिर पुलकित और उसके दोस्तों के खिलाफ सख्ती से पूछताछ की अपील की है।
