बीजेपी का बढ़ा कुनबा, इन दलों को लगा बड़ा झटका!

लखनऊ : यूपी में लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बीजेपी ने विपक्ष को बड़ा झटका दिया है। बीजेपी के कुनबे में फिर बढ़ोतरी हुई। सपा के पूर्व राज्यसभा सांसद बनवारी लाल कंछल, बसपा के पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह, रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह, कांग्रेस के पूर्व महासचिव अवधेश, आरएलडी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रहे आरिफ महमूद सहित कइयों ने भाजपा का दामन थामा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

दरअसल, आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा ने अधिक वोट शेयर पाने को कुनबा बढ़ाने का फैसला किया है। पार्टी ने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रभावशाली चेहरों को चिन्हित करने की मुहिम शुरू कर दी है। फिर चाहे वो दूसरे दलों में हों या फिर सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हों। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलाध्यक्षों को ऐसे लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उनके कद के हिसाब से जल्द उनकी सिलसिलेवार ज्वाइनिंग का सिलसिला शुरू होगा।

चुनावी मौसम में दलबदल का सिलसिला प्रदेश में एक बार फिर तेज होने जा रहा है। भगवा दल ने विरोधियों को झटका देने की तैयारी शुरू कर दी है। कई दलों के तमाम नेता और जनप्रतिनिधि भाजपा में आने के इच्छुक हैं। इनमें से कइयों की भाजपा नेताओं से इस संबंध में मुलाकात भी हो चुकी है। पूर्व में कुछ नेताओं को शामिल कराने के बाद यह सिलसिला रुक गया था। अब इसे व्यापक पैमाने पर शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा सामाजिक समीकरण साधने को जातीय क्षत्रपों पर भी पार्टी की नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *