पत्र में VHP नेता को ‘काफिर’ बता कर मिली ‘सर तन से जुदा’ की धमकी

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में एक विश्व हिन्दू परिषद (VHP) पदाधिकारी को ‘सर तन से जुदा’ की धमकी दी गई है। पीड़ित का नाम संतोष शर्मा है, जो धर्म प्रसार के प्रांत संयोजक हैं। यह धमकी उन्हें एक पत्र भेज कर दी गई है जो उनकी कार के वाइपर पर हरे रंग के लिफ़ाफ़े में रखा गया था। पत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों के खिलाफ किए जा रहे काम से हटने की नसीहत दी गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर के आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। यह धमकी गुरुवार (23 मार्च 2023) को मिली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला इंदौर के मूसाखेड़ी इलाके का है। यहाँ के विहिप पदाधिकारी संतोष शर्मा गोकुल रेजीडेंसी में रहते हैं। शुक्रवार (24 मार्च) को उन्होंने पुलिस में खुद को धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में संतोष ने बताया कि घटना के अपने इनोवा वाहन से अपने साथी शरद और ड्राइवर योगेश के साथ एक बाजार फलाहार लेने गए थे। एक रेस्टॉरेंट पर उन्होंने गाड़ी खड़ी की और सबके साथ अंदर चले गए। जब संतोष लौट कर आए तब उनकी गाड़ी के वाइपर पर एक हरे रंग का लिफाफा रखा हुआ था।

संतोष ने बताया कि उस लिफ़ाफ़े को खोल कर देखा गया तो उसमें धमकी लिखी हुई थी। लिफ़ाफ़े में संतोष को काफिर बताते हुए इस्लामी चरमपंथ के खिलाफ किए जा रहे कामों को बंद करने की धमकी दी गई थी। अपने बात न मानने पर पत्र में संतोष शर्मा का सिर तन से जुदा करने का एलान भी किया गया था। बकौल संतोष, यह हरकत उन्हें डराने के लिए की गई है। हालाँकि मामले की शिकायत तिलक नगर थाने में कर दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर के आरोपितों की पहचान और पकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

गौरतलब है कि इंदौर में हिन्दूवादी नेताओं को मौत की धमकियाँ दिए जाने का यह पहला मामला नहीं है। इस से पहले बजरंग दल पदाधिकारी तन्नू शर्मा, वकील अनिल नायडू और एडवोकेट मनीष गड़कर को जान से मार डालने की धमकियाँ दी गई हैं। मनीष गड़कर पर तो जुनैद नाम के आरोपित सहित 3 हमलावरों द्वारा उनके ऑफिस में हमला किए जाने का भी आरोप है। धमकी देने वाले कुछ आरोपितों की गिरफ्तारियाँ भी पुलिस ने की हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *