देहरादून : राज्य स्थापना की 22वीं वर्षगांठ को हर्ष और उल्लास के साथ मनाने के लिए दून तैयार दिखा। विधानसभा, राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय व तमाम शासकीय कार्यालयों को प्रकाशमय किया गया है।
मुख्य कार्यक्रम देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि रहे। यहां से वह भराड़ीसैंण गए और राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित महोत्सव में भी प्रतिभाग किया। इसके साथ ही राज्य स्थापना दिवस पर बुधवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पाठ्य पुस्तकों में शामिल होगा उत्तराखंड आंदोलन का इतिहास
इस क्रम में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचे और यहं पर परेड का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के तहत 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा।
हम उत्तराखंड को 2025 तक देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सरकार सुरक्षित पर्यटन की ओर लगातार काम कर रही है। इस साल चारधाम यात्रा में भी रिकॉर्ड यात्री आए हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास को पाठ्य पुस्तकों में शामिल किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड में जल्द 19000 पदों पर भर्ती होगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कई घोषणाएं की
- सभी जिलों में बालिका आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे।
- जल्द ही जल विद्युत और सौर ऊर्जा नीति बनाई जाएगी।
- नई पर्यटन नीति बनेगी।
- 10 हजार महिला समूहों को उद्यमी बनाएंगे।
- लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस में एक करोड़ का कोष बनेगा।
- इनामी बदमाशों को पकड़वाने वाले लोगों को पुरुस्कृत किया जाएगा।
- गौरा शक्ति योजना एप लांच करेंगे।
- मुख्यमंत्री चौपाल कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।