PoK पर कांग्रेस के ‘अपने’ भी बोलने लगे अमित शाह की भाषा

नई दिल्ली: जब से गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में पीओके पर पंडित नेहरू के ‘ब्लंडर’ गिनाए हैं, सर्दी के मौसम में सियासी गर्माहट बढ़ गई है. कांग्रेस अपने शब्दों में नेहरू का बचाव कर रही है लेकिन उसके ‘अपने’ दल अब शाह की भाषा बोलने लगे हैं. 2024 से पहले कांग्रेस के लिए यह अलार्म जैसा है। आज जेडीयू के सांसद सुनील कुमार पिंटू ने साफ कह दिया कि गलती तो हुई है. उन्होंने कहा कि जो भी बातें कल सदन में आईं, ये तो सच है कि पीओके आज हम कह रहे हैं उसे पाकिस्तान ने जबरन कब्जे में ले रखा है. वह हिंदुस्तान का अभिन्न अंग है. कल गृह मंत्री जी ने इसी संदर्भ में कहा था. पिंटू ने कहा, ‘कहीं न कहीं उस समय के तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू जी की गलती मानी जाए या न मानी जाए, ये अलग विषय है लेकिन गलती तो सामने दिख रही है. आज पीओके पर किसी दूसरे देश का कब्जा है.’ उन्होंने खुलकर कहा कि गलतियां नहीं हुईं तो आज हमारा पीओके दूसरे देश के कब्जे में कैसे है?

जब उनसे खुलकर सवाल किया गया कि शाह ने जो कहा आप उससे सहमत हैं? जेडीयू सांसद ने कहा कि तत्कालीन पीएम की चूक का कारण है कि पीओके पर दूसरे का कब्जा है. जेडीयू सांसद यहीं नहीं रुके. उन्होंने शाह के विधेयकों की चर्चा करते हुए कहा कि कल का रिजर्वेशन तो सिर्फ इसलिए लाया गया जिससे परिसीमन के बाद चुनाव हो सके. कल शाह ने ओबीसी की बात करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला था. आज अपने सांसद पिंटू के जरिए जेडीयू ने भी बड़ा संदेश दे दिया.

सुनील कुमार पिंटू ने कहा, ‘कल सदन के अंदर एक बात आई कि आज 70 साल के बाद राहुल जी पिछड़ा, अति पिछड़ा काफी बोल रहे हैं. अब तक उनका जिक्र क्यों नहीं हुआ, जिसके कारण समाज का एक तबका आज भी बहुत पीछे है. उनके पीछे होने के कारण आज हमें जरूरत पड़ रही है कि हम उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाएं और इसलिए रिजर्वेशन दे रहे हैं. इसी के तहत हमारे मुख्यमंत्री नीतीश जी ने रिजर्वेशन का दायरा बढ़ाया है.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *