भाजपा मुख्यालय का शुद्धिकरण करने पहुंचे कांग्रेसी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बुधवार को  महिला कांग्रेस ने बलबीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया और गौमूत्र व गोबर से भाजपा कार्यालय का शुद्धिकरण किया। इस दौरान सड़कों पर घण्टों हंगामा होता रहा और कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। रौतेला और प्रदेश की महिला ब्रिगेड ने पुलिस की किलेबन्दी को तोड़ते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़कर घण्टों प्रदर्शन किया। बाइ में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले जाकर छोड़ दिया।

महिला कॉंग्रेस अध्यक्ष ने की नारी 2025 रिपोर्ट के अनुसार देहरादून देश के शीर्ष 10 असुरक्षित शहरों में शामिल है। कहा कि सार्वजनिक परिवहन में उत्पीड़न झेलने वाली महिलाओं की संख्या 50 फीसदी, पुलिस में भरोसा रखने वाली महिलाएँ केवल 25 प्रतिशत है। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4,337 मामले दर्ज हुए। इनमें से 867 बलात्कार और 637 बाल यौन शोषण के मामले शामिल हैं। यह आँकड़ा 2021 से 907 मामले अधिक है।

मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि आज भाजपा कार्यालय का गौमूत्र और गोबर से शुद्धिकरण करना हमारी मजबूरी थी।
इस विरोध प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के प्रति असंवेदनशील है। आये दिन उत्पीड़न की घटनाओं में भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं का नाम आता है लेकिन मुख्यमंत्री धाकड़ धामी सिर्फ अपनी पीठ थपथपाने में लगे रहते हैं।

वहीं पूर्व विधायक रंजीत रावत ने कहा कि महिला उत्पीड़न के अधिकांश मामलों में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल पाए जाते हैं। प्रदर्शन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, नजमा खान, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष बंटू, पार्षद रॉबिन त्यागी, चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, इशिता सेडा, डीएवी अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, पायल बहल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *