हल्द्वानी : केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना व हल्द्वानी में युवाओं पर हुए बल प्रयोग के विरोध में कांग्रेसियों ने एक घंटा उपवास रखा। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी व विधायक सुमित हृदयेश समेत दर्जनों कांग्रेसी उपवास में शामिल रहे। वहीं शाम को बुद्ध पार्क से गांधी की प्रतिमा तक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।
रविवार की सुबह साढ़े 11 बजे से कांग्रेसियों का पंत पार्क में जुटना शुरू हो गया था। 12 बजे प्रदेश अध्यक्ष करन महरा समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उपवास शुरू कर दिया। एक बजे तक उपवास चला। प्रदेश अध्यक्ष करन महरा ने कहा कि उत्तराखंड का हर परिवार देश सेवा के लिए तत्पर रहता है।
यहां के युवा देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दे देते हैं। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ धोखा कर रही है। दो साल पहले फिजिकल टेस्ट पास करने वाले जिन युवाओं को आर्मी में भर्ती होने की उम्मीद थी। ऐन वक्त में सरकार ने परीक्षा रद कर दी।
इस बीच कई युवा उम्र सीमा पूरी कर चुके हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए। कांग्रेसियों ने हल्द्वानी में युवाओं पर हुए बल प्रयोग की भी निंदा की है। उपवास स्थल पर पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व विधायक गोविंद कुंजवाल, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल आदि मौजूद रहे।
शाम को निकला मशाल जुलूस
कांग्रेस के मशाल जूलूस में 200 से अधिक कार्यकर्ता शामिल रहे। हाथों में मशाल लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेसियों को कई युवाओं का साथ भी मिला।
भारी पुलिस फोर्स रहा तैनात
कांग्रेस के उपवास व मशाल जुलूस को लेकर शहर में भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा। रोडवेज व रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स तैनात की गई है। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं की जाएगी। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी तरह मुस्तैद दिखे।
