इंडियन आर्मी ने घाटी को दहलाने के लिए आतंकियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है. भारतीय सेना ने कश्मीर के उरी सेक्टर में बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए हैं. बारामुला में सेना के एक शीर्ष अधिकारी ने वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में बहुत कम सक्रिय आतंकवादी हैं. यह दर्शाता है कि कश्मीर में सुरक्षा बल आतंकवादियों की संख्या को कम करने में काफी हद तक सफल रहे हैं. उन्होंने कहा कि आतंकवादी यहां गोला-बारूद की कमी का भी सामना कर रहे हैं.
एक शीर्ष सैन्य अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों की कोशिशों ने आतंकवादियों की संख्या को बहुत कम कर दिया है और वर्तमान समय में बहुत कम आतंकवादी जमीन पर सक्रिय हैं. गोला-बारूद की कमी की वजह से पाकिस्तान की ओर से सिर्फ आम नागरिकों को मारने के लिए छोटी बंदूकें इस हिस्से में भेजी जा रही हैं.
लॉन्चिंग पैड्स पर आतंकवादियों की मौजूदगी- आर्मी
लॉन्चिंग पैड्स पर आतंकियों की मौजूदगी के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए सेना के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि आतंकवादी लॉन्चिंग पैड्स पर हैं, लेकिन नियंत्रण रेखा (LOC) पर तैनात सतर्क जवान उन्हें मुश्किल में डाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि हमारी सेना लोगों के लिए हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.
