देहरादून। राजपुर अंतर्गत जाखन में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के सौतेले भाई द्वारा ही प्रॉपर्टी के लालच में सहारनपुर के कुख्यात सुपारी किलर जैकी को उसकी हत्या की सुपारी देने का खुलासा करते हुए लगभग 1 साल की कड़ी कोशिशों के बाद कुख्यात हिस्ट्रीशीटर व सुपारी किलर जैकी उर्फ राजन को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है।
सुपारी किलर जैकी द्वारा अपनी प्रेमिका की मदद से शराब व अय्याशी के आदी मृतक अजय बटेजा को जमकर शराब पिलाने के बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक का सौतेला भाई अपने भाई की प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा चाहता था, और उसकी हत्या के एवज में सुपारी किलर जैकी को प्रॉपर्टी में आधा हिस्सा व नकुड़ में उसके द्वारा किये गए गोलीकांड में उसका नाम हटाने का लालच दिया गया था। मृतक सुपारी किलर को पूर्व से जानता था।
“#ऑपरेशन_प्रहार“#एसएसपी_देहरादून के नेतृत्व में #दून_पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता,
01 वर्ष पूर्व राजपुर में हुई हत्या की घटना में पश्चिमी उ0प्र0 के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को #दून_पुलिस ने किया गिरफ्तार pic.twitter.com/usC7QKtv1o
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) May 21, 2026
बीते वर्ष 26 मई को जतिन कुमार निवासी जी०एम०एस० रोड देहरादून द्वारा थाना राजपुर में तहरीर दी थी कि किसी के द्वारा उसके ममेरे भाई अजय बटेजा निवासी- 58/1 कृष्णा विहार जाखन देहरादून में उनकी हत्या कर दी है। मामले में राजपुर पुलिस द्वारा मु0अ0स0 101/25, धारा 103 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में गठित पुलिस टीम द्वारा मोबाइल सर्विलान्स, सीसीटीवी कैमरों व मुखबिर की सहायता से घटना में शामिल अभियुक्तों के सम्बन्ध में जानकारी जुटाई तो पुलिस को घटना में मुज्जफरनगर के शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी(36)पुत्र शिवलाल निवासी ग्राम उमाही कलां थाना रामपुर मनिहारान जिला सहारनपुर के शामिल होने की जानकारी मिली।
जिसपर पुलिस टीम द्वारा राजन उर्फ जैकी के विषय मे और जानकारी जुटानी शुरू की। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विषय मे लगातार जानकारी एकत्रित करते हुए व अभियुक्त के ठिकानों का पता करते हुए मंगलवार को खालापार जनपद मुज्जफरनगर उ0प्र0 से अभियुक्त राजन उर्फ जैकी को हिरासत में लिया व हत्या के मामले में और पूछताछ के लिए राजपुर थाना लाया गया। पूछताछ में अभियुक्त जैकी ने बीते वर्ष 26 मई को तकियें से गला दबाकर अजय भटेजा की हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले में धारा 61(2) व 238 बीएनएस की वृद्धि करते हुये अभियुक्त राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि अभियुक्त जैकी सुपारी किलर के नाम से जाना जाता है, वह अजय बटेजा व उसके सौतेले भाई अमित बटेजा को पिछले कई वर्षों से जानता था। मृतक अजय भटेजा के पास देहरादून व मसूरी में बहुत प्रॉपर्टी थी, किन्तु वह शराब पीने का आदी था। बीते वर्ष 23 मई को अमित बटेजा अपने सौतेले भाई अजय बटेजा, जैकी व अन्य दो महिलाओं के साथ मसूरी स्थित कार्टेज दिखाने ले गया था।
इस दौरान अमित बटेजा द्वारा अभियुक्त जैकी को बताया गया था कि अजय बटेजा के पास जो सम्पति है उसमे उसके पिता का पैसा भी लगा हुआ है। उसके द्वारा कई बार अजय बटेजा को उसकी प्रोपर्टी मे से कुछ हिस्सा उसे देने को कहा गया लेकिन अजय बटेजा उसे संपत्ति न देकर उलटा सारा पैसा अय्याशी में लुटाया जा रहा है। जिस बीच अमित बटेजा ने अभियुक्त को उसके सौतेले भाई अजय बटेजा को रास्ते से हटाने तथा उसके एवज में जाखन स्थित प्रोपर्टी में से उसे आधा हिस्सा देने तथा नकुड सहारनपुर में पूर्व में हुए गोली काण्ड, जिसमे जैकी का नाम भी था, का नाम हटाने का आफर दिया गया था। जिसपर जैकी अजय बटेजा की हत्या करने को तैयार हो गया।
घटना को अंजाम देने के लिये 25 मई को अभियुक्त द्वारा अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ अमित बटेजा से सहारनपुर मे मिला, जहां उनके द्वारा अजय बटेजा की हत्या की योजना बनायी। उसके पश्चात अभियुक्त जैकी अपनी प्रेमिका जोया,अमित बटेजा व अपने साथी नीरज, जिसे उक्त प्लान की कोई जानकारी नहीं थी, को साथ लेकर मैक्स अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती अपने दोस्त अक्षय को देखने के बहाने से दून पहुँचा। योजना के तहत चारो लोग रात को अजय बटेजा के जाखन स्थित घर मे रुके।
प्लान के अनुसार अभियुक्त द्वारा अपनी प्रेमिका जोया को अजय बटेजा के पास छोड दिया तथा खुद अपने अन्य साथियों के साथ मसूरी रोड स्थित शराब के ठेके में शराब लेने चला गया जहां उनके द्वारा गाड़ी में बैठकर शराब पी गयी व देर रात प्लान के अनुसार करीब 1 बजे अजय बटेजा के घर अकेले पहुँचा। प्लान में अनुसार अमित बटेजा अभियुक्त के साथी नीरज को बहाने से घर के बाहर से ही गाडी में बैठाकर अपने साथ ले गया। प्लान के मुताबिक जैकी द्वारा अपनी प्रेमिका की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर बहुत शराब पिलाई व मौका देखकर तकिए से उसका मुंह दबा दिया।
कप्तान ने बताया कि अभियुक्त के अनुसार नशा होने के कारण मृतक अजय बटेजा छटपटा नहीं पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए जैकी के द्वारा अजय की लाश को पंखे से लटकाने का प्रयास करने लगा, किन्तु जल्दबाजी में वह यह नही कर पाया। इस दौरान उसकी नज़र कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी, पकड़े जाने के डर से अभियुक्त जैकी सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर निकाल कर अपने साथ ले गया था। घटना के बाद अभियुक्त ओटो के माध्यम से अपनी प्रेमिका के साथ आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस में बैठकर सहारनपुर चला गया।
कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त बैंकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर भी है जिस पर शामली, सहारनपुर तथा अन्य स्थानों पर लूट, रंगदारी, हत्या के प्रयास सहित कई संगीन अपराधों के 21 मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा व हत्या में शामिल जैकी की प्रेमिका जोया की तलाश कर रही है।
