मधुमेह जागरूकता अभियान का शुभारंभ

देहरादून। स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन (रजिo) ने मधुमेह जागरूकता अभियान का शुभारंभ दीप प्रज्वलन समारोह के साथ किया। यह छह महीने तक चलने वाला अभियान समाज में मधुमेह के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की एक अनूठी पहल है। अभियान के पहले दिन निःशुल्क मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें निःशुल्क ब्लड शुगर, HbA1c, बीपी, वजन और यूरिक एसिड की जांच की गई।

डॉ. मारूफ अली ने अपनी कुशल टीम के साथ 300 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में मधुमेह से बचने के उपायों के साथ-साथ मधुमेह रोगियों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए “क्या करें और क्या न करें” पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इस शिविर में लगभग 50 लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। संस्था के संरक्षक सचिन गुप्ता ने कहा, “इस अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी से बचने के लिए जागरूक करना है। अगले छह महीनों तक यह अभियान देहरादून महानगर के हर क्षेत्र में संचालित होगा। हमारा लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाएं और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।”

इस अभियान के विशेष सहयोगी वरिष्ठ समाजसेवी टीएस रावत ने कहा कि “यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है, बल्कि एक जागरूक और स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। इससे मधुमेह से पीड़ित लोगों को एक नई दिशा मिलेगी।”

कार्यक्रम के दौरान सागर चौधरी, अंकुर, विनोद पंवार, कैप्टन डी एस नेगी, एमपीएस राठौर, प्रदीप जैन, सचिन गुप्ता, फ़ुलक सिंह भंडारी, कैप्टन डीएस राणा सेना मेडल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन का यह अभियान समाज के हर वर्ग के लिए एक प्रेरणा है और मधुमेह जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *