मंगेतर नहीं कर रही थी फोन पर बात, परेशान युवक ने कर ली आत्महत्या

रांची l रांची के पंडरा के पंचशील नगर के रहने वाले एक युवक ने शादी टलने की वजह से फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम पप्पू कुमार गुप्ता है। वह रेडियम रोड स्थित एक दुकान में काम करता था। जानकारी के अनुसार पप्पू गुरुवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक जब उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन परेशान हो गए।

खिड़की से झांककर देखा तो पप्पू पंखा में फंदा लगाकर झूलता हुआ दिखा। इसके बाद परिजन दरवाजा तोड़कर भीतर गए। फंदे से झूल रहे पप्पू को नीचे उतारा। पास के एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची।

शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि पप्पू शादी टलने और युवती का मोबाइल स्विच ऑफ करने की वजह से कुछ दिनों से तनाव में रह रहा था। आशंका जतायी जा रही है कि इसी कारण पप्पू ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली है। पिता के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

15 दिनों से युवती नहीं कर रही थी बात
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पप्पू शादी तय होने की बात से काफी खुश था। वह शादी तय होने के बाद से अपनी होने वाली पत्नी से लगातार बातचीत किया करता था। दोनों के बीच रात-रात भर फोन पर बातें होती रहती थी। 15 दिन पहले अचानक युवती ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद पप्पू की युवती से बातचीत नहीं होती थी। इसको लेकर पप्पू तनाव में रहने लगा। वह अपने कमरे से भी बहुत ही कम निकलता था। हालांकि परिजन उसे जल्द शादी कराने की बात कह रहे थे, मगर वह घर में किसी से बातचीत भी नहीं करता था।

एक साल के लिए टल गई थी पप्पू की शादी
पंचशील नगर निवासी पप्पू कुमार गुप्ता का रिश्ता पांकी की एक युवती से तय हुआ था। दोनों परिवार के बीच शादी की सारी बातचीत भी हो चुकी थी। कुछ महीने पहले लड़की पक्ष के लोगों ने दो माह शादी आगे बढ़ाने की बात कही। पप्पू और उनके परिजन भी उनकी बात से सहमत हो गए। इसके बाद 15 दिन पहले लड़की पक्ष के लोगों ने पप्पू के परिजनों को फोन कर यह कहा कि वह अभी शादी नहीं कर सकते हैं। एक साल बाद ही हम लोग शादी करेंगे। शादी आगे बढ़ने की बात के साथ ही युवती ने भी पप्पू से फोन पर बातचीत करना बंद कर दिया। युवती ने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया। इसी को लेकर पप्पू काफी तनाव में रह रहा था।


खबर इनपुट एजेंसी से

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *