जहां-जहां भाजपा की सरकारें, वहीं हो रहे पेपर लीक : राठौर

देहरादून। हिमाचल और उत्तराखंड की एक जैसी परिस्थितियां हैं। इन दोनों राज्यों ने पिछले दिनों भीषण दैवीय आपदा का दंश झेला है, मगर केन्द्र में बैठी भाजपा सरकार ने इन दोनों पहाड़ी राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार किया। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता, विधायक व हिमाचल प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने रविवार को तीन दिवसीय टिहरी जनपद भ्रमण के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में पत्रकार वार्ता के दौरान कही।

कहा कि दैवीय आपदा से पीडित लोग आज भी राहत के लिए तरस रहे हैं और केन्द्र की मोदी सरकार आंख मूंद कर बैठी है। पर्यावरण की रक्षा में उत्तराखंड व हिमाचल के महत्व को देखते हुए इन क्षेत्रों के विकास के लिए लिए अलग नीति बनायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हिमालयी क्षेत्र के लिए अलग नीति नहीं बनाई जाती, वहां के युवाओं, महिलाओं के हितों की रक्षा समय पर नहीं हो पाई व हिमालय की रक्षा नहीं हो पाई तो पूरे विश्व को इसका नुकसान उठाना पड़ेगा।

राठौर ने यह भी कहा कि महिला अपराध की घटनाओं में उत्तराखण्ड राज्य सभी हिमालयी राज्यों में पहले स्थान पर पहुंच चुका है, मगर राज्य की भाजपा सरकार महिला अपराध की इन घटनाओं को रोकने की बजाय इस प्रकार के अपराध करने वालों की संरक्षक बनी हुई है।

उत्तराखंड में अधिनस्थ सेवा चयन आयोग पेपर लीक मामले पर बोलते हुए कुलदीप राठौर ने कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं वहीं पेपर लीक हो रहे हैं। पेपर लीक मामलों में भाजपा के नेता पूरी तरह सम्मिलित होते हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में आयोग के अध्यक्ष का रवैया पूरी तरह से गैर जिम्मेदारना कहा जा सकता है जिसका संज्ञान न्यायालय ने उन्हें कड़ी फटकार लगाकर जाहिर किया गया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बडे उत्साह से संगठन सृजन अभियान में प्रतिभाग किया जिसके परिणाम सुखद होंगे व ऊर्जावान और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को पद व सम्मान मिलेगा जिससे आने वाले 2027 के चुनाव में पार्टी को पुनः सत्तारूढ़ करने मे मदद मिलेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, विधायक विक्रम सिंह नेगी, लखपत बुटोला व महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *